महिला आरक्षण बिल के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
फारबिसगंज में भाजपा महिला मोर्चा ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह के नेतृत्व में कई भाजपा नेता और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों का हनन किया है।

फारबिसगंज, एक संवाददाता। संसद में महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस पार्टी सहित इंडिया गठबंधन द्वारा विरोध किए जाने के खिलाफ गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा ने स्थानीय स्टेशन चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया और इंडिया गठ बंधन के दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा भी मौजूद रहे। पुतला दहन कार्यक्रम में नगर भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद,विधानसभा प्रभारी रंजीत मिश्रा,भाजपा नेता प्रवीण कुमार, युवा मोर्चा नेता गोलू सिंह, किशन शर्मा,महिला नेत्री नम्रता सिंह और जिला मंत्री चंद्रकला राय सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी इसका जवाब देगी और महिलाओं के सपनों के साथ समझौता करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन