'क्या उखाड़ेंगे, हम भी देखते हैं'...फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा की दहलीज पर अनंत सिंह ने जब तेजस्वी को ललकारा
बिहार विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए जाते वक्त विधायक अनंत सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मीडिया के सामने बेबाकी से कहा कि तेजस्वी क्या उखाड़ेंगे, हम भी देखते हैं। फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले दिया गया उनका यह बयान सियासत की गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Anant Singh News: बिहार की राजनीति में जब भी शक्ति प्रदर्शन की बात आती है, तो सदन के भीतर के आंकड़ों से ज्यादा बाहर के बयानों की गूँज सुनाई देती है। ऐसा ही कुछ नजारा बिहार विधानसभा में एनडीए सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान देखने को मिला। मीडिया ने जब सवाल किया कि फ्लोर टेस्ट से पहले क्या तेजस्वी यादव कुछ करेंगे? तब बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी चिर-परिचित शैली में विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर ऐसा तीखा हमला बोला, जिसकी चर्चा सियासी गलियारों में हो रही है।
विधानसभा की दहलीज पर तेजस्वी को खुला चैलेंज
बहुमत साबित करने की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अनंत सिंह जैसे ही विधानसभा के मुख्य द्वार पर पहुँचे, मीडिया के कैमरों ने उन्हें घेर लिया। फ्लोर टेस्ट से पहले तेजस्वी यादव क्या कुछ करेंगे? जब उनसे सवाल पूछा गया, तो अनंत सिंह ने बिना किसी झिझक के अपनी गाड़ी के भीतर से ही कहा कि "तेजस्वी यादव क्या उखाड़ेंगे, यह हम भी देखते हैं।" अनंत सिंह के इन चंद शब्दों ने उस समय आरजेडी खेमे में मचे उत्साह को ठंडा कर दिया। उनके इस बयान ने साफ संकेत दे दिया था कि एनडीए की घेराबंदी काफी मजबूत है।
'छोटे सरकार' का बेबाक पलटवार
गाड़ी की खिड़की से मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक अनंत सिंह के चेहरे पर एक खास मुस्कुराहट थी। उन्होंने इशारों ही इशारों में यह स्पष्ट कर दिया कि विपक्ष के पास पर्याप्त नंबर नहीं हैं और वे केवल 'हवा-हवाई' बातें कर रहे हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले दिया गया उनका यह 'उखाड़ेंगे' वाला बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
सम्राट चौधरी का बहुमत साबित
वहीं, बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में बहुमत साबित कर दिया है। राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्ष ने वोटिंग की मांग नहीं की, जिसके बाद स्पीकर ने ध्वनि मत से सम्राट चौधरी के विश्वास मत प्रस्ताव को पारित घोषित कर दिया। इससे पहले सदन में विश्वास मत के प्रस्ताव पर एनडीए और विपक्ष के नेताओं के बीच बहस हुई। तेजस्वी ने प्रस्ताव के विरोध में कहा कि 25 से 30, फिर से नीतीश बोलकर बीजेपी ने नीतीश को फिनिश कर दिया है। जवाब देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार को कोई हटा नहीं सकता, बल्कि उनकी इच्छाशक्ति से आज वो मुख्यमंत्री बने हैं।




साइन इन