घुसपैठ पर कसेगी नकेल, अमित शाह की मीटिंग में ऐक्शन प्लान तैयार; IB,SSB,ITBP का रोल सेट
किशनगंज जिला परिषद सभागार में दो घंटे तक चली बैठक में बिहार में अनाधिकृत तरीके से प्रवेश करने वाले घुसपैठियों पर प्रभावी रोक लगाने की कार्ययोजना बनाई गई।

बिहार के सीमांचल में घुसपैठ के खिलाफ महाअभियान पर मंथन शुरू हो गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार की शाम किशनगंज के जिला परिषद सभागार में बिहार सरकार के गृह विभाग और केंद्रीय एजेंसियों के साथ इस पर विचार विमर्श किया। बांग्लादेश और नेपाल से सटी भारत की सीमाओं की सुरक्षा एवं इसके प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उनका स्वागत केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, गृह मंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने किया। वहां से वे किशनगंज पहुंचे। किशनगंज जिला परिषद सभागार में दो घंटे तक चली बैठक में बिहार में अनाधिकृत तरीके से प्रवेश करने वाले घुसपैठियों पर प्रभावी रोक लगाने की कार्ययोजना बनाई गई। बिहार के सीमावर्ती इलाके में बीते कुछ दशकों के दौरान हुए जनसांख्यिकीय बदलाव पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। सीमांचल के सड़क नेटवर्क और क्षेत्र में चलायी जा रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
केंद्रीय गृहमंत्री लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी हैं, जो कि सीमा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क बनाने और उसे दुरुस्त रखने पर काम करता है। बैठक में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बीएसएफ, आईटीबीपी एवं एसएसबी के डीजी और आईबी के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और फोटो साझा किए हैं।
अवैध आर्थिक गतिविधियों पर नाकेबंदी की बनी योजना
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री के नेतृत्व में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में सीमाई क्षेत्र में चलने वाली अवैध आर्थिक गतिविधियों पर नाकेबंदी की भी योजना बनाई गई। नेपाल की 700 किमी लंबी सीमा का फायदा उठाते हुए राष्ट्रविरोधी तत्व ड्रग्स, सोना व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलग्न हैं। इससे भारत सरकार को भारी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अररिया में एसएसबी की सीमा चौकी का उद्धाटन
केंद्रीय गृहमंत्री अगले दो दिन सीमांचल के अररिया और पूर्णिया जिले में बितायेंगे। वे गुरुवार की सुबह 11 बजे अररिया जिला स्थित सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की नवनिर्मित सीमा चौकी ' लेटी ' के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद भारत-नेपाल संबंधी मुद्दों पर राज्य के सात सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ अररिया समाहरणालय में समीक्षा बैठक करेंगे। गुरुवार को ही केंद्र प्रायोजित ' वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम ' की समीक्षा भी होगी। इसके तहत सीमावर्ती जिलों के गांवों के विकास का काम होगा। इन बैठकों में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी के निदेशक सहित एसएसबी के डीजी भी मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री 26 फरवरी को पूर्णिया में रात्रि विश्राम करेंगे। 27 फरवरी को उनकी भारत-नेपाल सीमावर्ती जिलों संबंधित मुद्दों पर प्राधिकारियों के साथ पूर्णिया या राजधानी पटना में बैठक होने की संभावना है।




साइन इन