लालू यादव से मिले अखिलेश; तेजस्वी को बताया महागठबंधन का सबसे बेहतर सीएम फेस
बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरजेडी चीफ लालू यादव से मुलाकात की। लखनऊ रवानगी से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होने तेजस्वी को महागठबंधन का सबसे बेहतर सीएम फेस बताया।

बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आरजेडी चीफ लालू यादव से मुलाकात करने पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंचे। करीब 15-20 मिनट तक ये मुलाकात चली। इस दौरान उनके साथ तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होने कहा कि महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री कैंडिडेट होंगे। तेजस्वी से बेहतर बिहार में कोई मुख्यमंत्री नहीं हो सकता है। वो बिहार चुनाव में तेजस्वी की पूरी मदद करेंगे।
वहीं इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के शामिल होने से मजबूती मिली है। तेजस्वी ने कहा कि 400 पार का नारा लगाने वालों को उत्तरप्रदेश में अखिलेश यादव ने आधे पर रोक दिया। उनके अनुभव का लाभ हमें बिहार में भी मिलेगा। हम बिहार में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जुमलों वाली पार्टी है। अफवाह फैलाने में माहिर हैं। लेकिन इस बार बिहार की जनता जागरूक है। लोकतंत्र की जननी बिहार है। यहां से लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा इस्तेमाली पार्टी है, जो इस्तेमाल करके छोड़ देती है। इस्तेमाली पार्टी एक जगह नहीं, कई जगह है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद करती है। साथ ही वो महागठबंधन को 'अबकी बार, बीजेपी बिहार से बाहर' का नारा भी दे गए। इससे पहले आरा के भोजपुर में महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होने मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि बिहार में जारी एसआईआर (गहन मतदाता पुनरीक्षण) को सिरफिरा फैसला करार दिया। उन्होने कहा कि ये लोग पहले आपके वोट का अधिकार छीनेंगे, फिर राशन और फिर नौकरी का अधिकार छीनेंगे। चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि ये 'जुगाड़ आयोग' बन गया है। बीजेपी, सरकार और अधिकारियों को चुनावी 'तीन तिगाड़ा' बताते हुए कहा कि इन्हें इंडिया गठबंधन तोड़ेगा।




साइन इन