पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपी समीर का मोबाइल बिहार में मिला, गाजियाबाद पुलिस साथ ले गई
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले समीर उर्फ शूटर का मोबाइल इम्तियाज के पास कैसे और क्यों पहुंचा। दोनों के बीच क्या संबंध है। समीर पुलिस की गिरफ्त में है जबकि इम्तियाज पुलिस के रडार पर।

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के एक आरोपी समीर उर्फ शूटर का मोबाइल बिहार में मिला है। बिहार के भागलपुर जिले में नाथनगर के चंपानगर से शूटर का मोबाइल बरामद किया गया है। गाजियाबाद में शूटर की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने बताया था कि उसका मोबाइल चंपानगर के रहने वाले इम्तियाज नामक शख्स के पास है। उसके बाद खुफिया एजेंसी और भागलपुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम ने चंपानगर में इम्तियाज नाम के शख्स के पास से उसका मोबाइल बरामद किया। इस बात की पुख्ता तैयारी की गई थी कि बरामदगी से पहले मोबाइल से कुछ भी डिलीट न किया जाए। इम्तियाज को भनक भी नहीं लगी और पुलिस उसके पास पहुंच गई। मोबाइल गाजियाबाद भेज दिया गया। मोबाइल गाजियाबाद पुलिस को मिल चुका है और उसकी जांच की जा रही है।
इम्तियाज का समीर से कनेक्शन खंगाला रही पुलिस
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले समीर उर्फ शूटर का मोबाइल इम्तियाज के पास कैसे और क्यों पहुंचा। दोनों के बीच क्या संबंध है। समीर पुलिस की गिरफ्त में है जबकि इम्तियाज पुलिस के रडार पर। समीर के मोबाइल की जांच में भी गाजियाबाद पुलिस को बहुत कुछ मिलने की बात सामने आ रही है। समीर का भागलपुर आने जाने और इम्तियाज का समीर से मिलने बाहर जाने के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें समीर उर्फ शूटर भी शामिल था। समीर दिल्ली के चांदनी चौक में रह रहा है। समीर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने कई रेलवे स्टेशनों व सैन्य ठिकानों की रेकी की थी।
भागलपुर का कनेक्शन पहले भी आ चुका है सामने
भागलपुर का पाकिस्तानी आतंकी संगठन से कनेक्शन पहले भी सामने आ चुका है। भागलपुर के बरहपुरा निवासी नजरे सद्दाम को पांच सितंबर 2024 को मोतिहारी में जाली नोट की खेप के साथ अन्य साथियों संग गिरफ्तार किया था। एनआईए की जांच में पता चला कि जाली नोट के तस्करों का संबंधित पाकिस्तान के आतंकी संगठनों से था। एनआईए की टीम बरहपुर में नजरे सद्दाम के घर पर भी जांच को पहुंची थी। एनआईए की टीम ने नजरे सद्दाम के पिता मसीहुज्जमा सहित परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की थी। इस दौरान घर की तलाशी भी ली गई और नगदी, मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त भी किए गए थे।




साइन इन