एक फ्लैट, दो अंगूठी, एक कार; 41 सालों के सियासी सफर में नीतीश कितनी संपत्ति के मालिक
Nitish Kumar Property: नीतीश कुमार के पास इको स्पोर्ट्स गाड़ी है, जिसे उन्होंने 2015 में 11.32 लाख में खरीदी थी। इस समय उनके पास नगद राशि के रूप में सिर्फ 20552 रुपये हैं। उनके पास चल संपत्ति के रूप में महज 17.91 लाख रुपये हैं।
Nitish Kumar Property: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास केवल 1.66 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। वर्ष 2024-25 में उनकी आय महज 7.87 लाख रुपये रही। राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति के संदर्भ में जो जानकारी दी है, उसके अनुसार उनके पास आभूषण के रूप में 20 ग्राम की एक सोने की अंगूठी, जबकि एक मोती लगी चांदी की अंगूठी। इसकी कीमत 2.37 लाख रुपये है।
उनके पास इकोस्पोर्ट्स गाड़ी है, जिसे उन्होंने 2015 में 11.32 लाख में खरीदी थी। इस समय उनके पास नगद राशि के रूप में सिर्फ 20552 रुपये हैं। इस प्रकार उनके पास चल संपत्ति के रूप में महज 17.91 लाख रुपये हैं। इसके अलावा उनके पास दिल्ली के द्वारिका में संसद कोऑपरेटिव का एक फ्लैट है, जिसे उन्होंने वर्ष 2004 में 13.78 लाख रुपये में खरीदा था। एक हजार वर्ग फीट के इस फ्लैट की कीमत इस समय 1.48 करोड़ हो चुकी है। उनके पास कोई जमीन या कृषि भूखंड नहीं है।
रामनाथ ठाकुर के पास 3.12 करोड़
जदयू के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर अपने नेता नीतीश कुमार से अधिक संपत्ति वाले हैं। उनके पास 3.12 करोड़ की कुल संपत्ति है। इनमें 1.64 करोड़ की चल, जबकि 1.48 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनकी आय वर्ष 2024-25 में 35.77 लाख रुपये रही। उनके पास 1.26 लाख नगद भी है। राज्यसभा का नामांकन करने के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति के संदर्भ में जो जानकारी दी है। उसके अनुसार उनके पास 20 ग्राम स्वर्ण आभूषण है, जबकि उनके पास होंडा आमेज और टोयोटा फार्च्यूनर गाड़ी है। उनके पास समस्तीपुर के अपने पैतृक गांव में 68 डिसमिल जमीन है। इसकी कीमत 17.33 लाख है।
10 तोला सोना सहित उपेंद्र कुशवाहा की संपत्ति 79 लाख रुपये : राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के पास चल और अचल कुल संपत्ति 79 लाख 94 हजार रुपये की है। इसमें चल संपत्ति 44 लाख 94 हजार हैं, जबकि अचल संपत्ति 35 लाख रुपये है। उपेंद्र कुशवाहा के दो बैंकों में 13 लाख 34 हजार जमा हैं। कृषि और आवासीय भूमि की कीमत 35 लाख रुपये है। इसमें कृषि भूमि एक एकड़ 20 डिसमिल है।
एक चारपहिया वाहन है। 13 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का 10 तोला सोना है। 1983 में बीआरए बिहार विवि से एमए की डिग्री लेने वाले उपेंद्र कुशवाहा के नाम पर वर्तमान में सात केस लंबित हैं। इनमें एक केस कोतवाली थाने से जुड़ा है, यह केस एमपी, एमएलए या एमएलसी कोर्ट पटना में है। पटना में कुल पांच केस हैं। एक केस सासाराम और एक केस मुजफ्फरपुर में है। उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी के नाम पर चल और अचल कुल एक करोड़ 54 लाख की संपत्ति है। पारिवारिक संयुक्त संपत्ति की बात करें तो 40 लाख रुपये हैं।
अरबों के मालिक हैं राजद प्रत्याशी अमरेन्द्र धारी सिंह
राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने वाले राजद प्रत्याशी अमरेन्द्र धारी सिंह अरबों के मालिक हैं। शपथ पत्र के अनुसार एडी सिंह साढ़े चार लाख नकदी रखे हुए हैं। 26 करोड़ 68 लाख बैंक में जमा है। 30 करोड़ 11 लाख के बांड व शेयर हैं। 93 लाख पोस्ट ऑफिस में पीपीएफ एकाउंट में जमा है। 148 करोड़ 73 लाख फर्म, कंपनी या ट्रस्ट में दिए हैं। टोयटा क्वालिस और वेन्यू कार हैं। इनके पास 43 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी व 4.5 लाख के घरेलू सामान हैं। 206 करोड़ 98 लाख 93 हजार की चल संपत्ति के मालिक हैं।




साइन इन