Nautapa 2026: 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा, इन 5 चीजों के दान से जीवन में आएगी सुख-समृद्धि
Nautapa Kab se Shuru Ho Rahe hain: नौतपा का धार्मिक के साथ वैज्ञानिक महत्व भी है। मान्यता है कि नौतपा के समय धरती सबसे ज्यादा तपती है और भयंकर गर्मी होती है। जानें इस बार नौतपा कब से शुरू हो रहे हैं और नौतपा में किन चीजों का दान करना चाहिए।

Nautapa Start and End Date 2026, What to donate during Nautapa: हिंदू धर्म में नौतपा का बहुत महत्व है। मान्यता है कि नौतपा के दिनों में सूर्य अपनी सबसे तीव्र ऊर्जा के साथ पृथ्वी पर प्रभाव डालते हैं, जिससे गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। इसलिए नौतपा को ज्योतिष शास्त्र में भगवान सूर्य की प्रचंड ऊर्जा का प्रतीक भी माना जाता है। साल 2026 में नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक रहेंगे। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, इन दिनों में किए गए दान-पुण्य का फल कई गुना बढ़ जाता है और भगवान सूर्य की कृपा से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
नौतपा क्या है:
हिंदू पंचांग के अनुसार, सूर्य जब रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तो नौतपा प्रारंभ होते हैं। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के बाद के पहले 9 दिन बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, इन्हें ही नौतपा कहा जाता है। कहा जाता है कि इन नौ दिनों में सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ती हैं, जिसके कारण भयंकर गर्मी पड़ती है। नौतपा को लेकर ऐसी मान्यता भी है कि नौतपा जितने अधिक तपते हैं, मानसून के दौरान उतनी ही अच्छी बारिश होती है।
जानें नौतपा में किन चीजों का दान करना चाहिए-
1. गेहूं और चावल: नौतपा में अन्न का दान बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि नौतपा में जरूरतमंद या गरीबों को गेहूं या चावल का दान करने से घर में अन्न की कमी नहीं होती है। पितरों की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
2. जल दान: ज्योतिष शास्त्र में नौतपा के समय जल दान सबसे बड़ा पुण्य माना गया है। नौतपा में जल दान से मानसिक शांति मिलती है। मान्यता है कि जल दान से भगवान सूर्य प्रसन्न होते हैं।
3. शरबत या पंखे का दान: नौतपा के दौरान शरबत या पंखे का दान अत्यंत शुभ माना गया है। शरबर शरीर में शीतलता प्रदान करता है और पंखा भीषण गर्मी से राहत दिलाता है। मान्यता है कि नौतपा में इन चीजों के दान से जन्मकुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है और जीवन में खुशियां आती हैं।
4. वस्त्र व अन्य उपयोगी वस्तुएं: मान्यता है कि नौतपा में गर्मी से राहत दिलाने वाली वस्तुओं का दान करना चाहिए। नौतपा में भीषण गर्मी से राहत के लिए गरीबों या जरूरतमंद लोगों को सूती वस्त्र, छाता, चप्पल और तौलिया आदि का दान भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से सामाजिक मान-सम्मान बढ़ता है और सुख-समृद्धि आती है।
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन