शुक्र ग्रह को बिना पूजा-पाठ के करना है मजबूत? बस अपना लें ये 5 अच्छी आदतें
कुंडली में शुक्र ग्रह कमजोर है? बिना किसी तामझाम के इसे मजबूत करना है? तो जानिए कुछ ऐसी अच्छी आदतों के बारे में जिससे आप आसानी से शुक्र को मजबूत स्थिति में ला सकते हैं।

शुक्र ग्रह सुख-सुविधाओं, प्यार और खुशहाली देता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जिस व्यक्ति की कुंडली में शुक्र ग्रह मजबूत होता है उसकी जिंदगी में अच्छे रिश्ते, पैसे और आरामदायक जिंदगी की कोई कमी नहीं होती है। वहीं जिनका शुक्र कमजोर होता है वो तमाम पूजा पाठ और बाकी उपाय करते हैं ताकि इसे मजबूत किया जा सके। हालांकि हर किसी के लिए ये उपाय करना आसान नहीं होता है। ऐसे में रोजमर्रा की कुछ आदतों को अपनाकर जिंदगी को सही दिशा दी जा सकती है। इन आदतों से शुक्र ग्रह धीरे-धीरे मजबूत होता जाता है और फिर सारी चीजें ट्रैक पर वापस लौटने लगती हैं। जानिए कुछ ऐसी ही अच्छी आदतों के बारे में।
शुक्र ग्रह मजबूत करेंगे ये आदत
1. साफ-सफाई की आदत
अपने आसपास सफाई का ध्यान रखें। घर से लेकर ऑफिस के डेस्क की साफ-सफाई का ध्यान खुद रखें। चीजों को सहेजकर सलीके से रखें। रोज नहाएं। साफ-सुथरे अच्छे कपड़े पहनें। इन आदतों से ना सिर्फ आपका मन खुश होगा बल्कि धीरे-धीरे कॉन्फिडेंस भी बढ़ेगा। मन का उलझना कम होगा।
2. प्यार से बोलें और करें दूसरों का सम्मान
आपकी ये आदत ना सिर्फ शुक्र ग्रह को मजबूत बनाएंगी बल्कि शनि ग्रह की स्थिति भी काफी हद तक सही हो जाएगी। बिना बात के गुस्सा ना करें। किसी से भी कड़वे शब्द ना कहें। सामने वाला चाहे जैसा हो आप अपनी ओर से गलत चीजें ना कहें। लोगों से प्यार और सम्मान के साथ बात करें। इन आदतों से ना सिर्फ आपके रिश्ते मजबूत होंगे बल्कि आपकी पर्सनैलिटी में पॉजिटिव टच आएगा।
3. रिश्तों को दें अहमियत
शुक्र को आप ऐसे भी मजबूत बना सकते हैं। बस आपको अपने परिवार, पार्टनर और दोस्तों के साथ अच्छा व्यवहार करना है। रिश्तों को अहमियत देनी है। कोशिश करें कि छोटी-छोटी बात पर नाराज ना होकर बात करके हर चीज को सुलझाया जा सके। रिश्ते मजबूत होंगे तो जिंदगी आसान होगी।
4. करें जरूरतमंद की मदद
अपनी क्षमता के हिसाब से आप जरूरतमंद की सेवा कर सकते हैं। आप चाहे तो किसी को भोजन करवा सकते हैं। कपड़े दे सकते हैं। सामर्थ्य के हिसाब से मदद करें। ऐसा करेंगे तो अंदर से खुशी मिलेगी। मन को सुकून मिलेगा।
5. ना करें फालतू का खर्चा
शुक्र को मजबूत करने के लिए सबसे पहले तो फिजूलखर्चा कम करें। जितनी सादगी से जिंदगी बिताएंगे अच्छा होगा। चीजों को संभालकर रखें। पैसों को सही जगह लगाएं। इत्र और परफ्यूम का इस्तेमाल खूब करें। पढ़ने में या देखने में ये छोटी-छोटी आदतें लगेंगी लेकिन अगर इसे नियमित रूप से कर लिया जाए तो शुक्र मजबूत होगा और मां लक्ष्मी की कृपा आप पर हमेशा बरसती रहेगी।
डिस्क्लेमर- इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।




साइन इन