जो बंगाल को छेड़ेगा, जहन्नुम में जाएगा; ईद के मौके पर ममता का भाजपा पर तीखा हमला
ईद-उल-फितर के पवित्र अवसर पर कोलकाता के रेड रोड पर नमाज के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दंगल के बीच ईद के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज कोलकाता के रेड रोड पर नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आक्रामक रुख अपनाया। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और बंगाल की सीएम ने कहा कि जो भी बंगाल को छेड़ेगा, जहन्नुम में जाएगा। इस दौरान मंच पर उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी सहित टीएमसी के कई बड़े नेता भी दिखे।
ईद-उल-फितर पर रेड रोड पर लोगों के नमाज पढ़ने के बाद ममता बनर्जी ने कहा, "SIR में लोगों के नाम काट दिए गए। मैं इसके लिए कोलकाता से दिल्ली, कलकत्ता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक गई। मुझे उम्मीद है कि लोगों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे। मैं बंगाल में सभी जातियों, समुदायों और पंथों के साथ खड़ी हूं। मैं यह लड़ाई जारी रखूंगी। हम मोदी जी को अपने अधिकार नहीं छीनने देंगे।''
ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा, ''आप हमारी सरकार को जबरदस्ती कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। आप प्रेसिडेंट रूल लगाना चाहते हैं। फिर भी हम डरेंगे नहीं। जो डरते हैं, वो मरते हैं। जो लड़ते हैं, वो जिंदगी में कामयाब होते हैं। BJP चोरों और गुंडों की पार्टी है। गद्दारों की पार्टी है। कुछ गद्दार ऐसे भी हैं जो वोट बांटने के लिए BJP से पैसे लेते हैं। उनसे मैं कहूंगी- मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूरें खुदा होता है।"
ममता ने आगे कहा, "सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है। अल्लाह आपका भला करे। भारत और बंगाल की समृद्धि हो। पश्चिम बंगाल को निशाना बनाने वालों को जहन्नुम में जाना चाहिए। खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रजा क्या है। हमारा सिर्फ एक ही इरादा है-बीजेपी को हटाना और राष्ट्र को बचाना।"




साइन इन