बूथ ना छोड़ें; रुझानों के बीच ममता बनर्जी का काउंटिंग एजेंटों को VIDEO संदेश
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की काउंटिंग और मिल रहे शुरुआती रूझानों के बीच ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ एजेंटों को एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एक अपील की है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। शुरुआती रूझानों के बीच पश्चिमी बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ एजेंटों को एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो संदेश में उन्होंने अपने एजेंटों से काउंटिंग केंद्रों पर डटे रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अभी कई राउंड की काउंटिंग बाकी है, इसलिए बूथ एजेंट और पार्टी कार्यकर्ता किसी भी सूरत में काउंटिंग बूथ और मतगणना स्थलों को ना छोड़ें।
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने एक्स पर अपने वीडियो संदेश में कहा है कि सभी को नमस्कार… प्लीज दया कर के काउंटिंग एजेंट और पार्टी कंडिडेट हर काउंटिंग बूथ पर डंटे रहे। चूंकि अभी दो से तीन राउंड की काउंटिंग ही हुई है, ऐसे में कत्तई बूथ ना छोड़ें।
ममता बनर्जी ने आगे कहा कि अभी तक बहुत ही कम मतों की गिनती हुई है। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आयोग जानबूझकर काउंटिंग में समय ले रहा है। काउंटिंग धीमी गति से हो रही है।
रुझानों में भाजपा को बढ़त दिखा रहे, यह साजिश
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि BJP और चुनाव आयोग की एक साजिश है। इस साजिश के तहत काउंटिंग के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त दिखाते हुए पेश किया जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा- मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, टीएमसी उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों से अपील करती हूं कि आप लोग काउंटिंग सेंटर को छोड़कर ना जाएं। मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि उम्मीद ना छोड़ें।
झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा
ममता बनर्जी ने कहा कि लगभग 70 से 100 सीटें ऐसी हैं जहां हम आगे चल रहे हैं लेकिन वे उन सीटों के नतीजे नहीं बता रहे हैं। एक झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा है। यह चुनाव आयोग और BJP की चाल है। आयोग उन इलाकों के नतीजे नहीं अता रहा है जहां हम आगे चल रहे हैं। कई जगहों पर दो-तीन राउंड के बाद काउंटिंग रोक दी गई है। कल्याणी में हमने 7 मशीनों को पकड़ा है जिनमें गंभीर खामियां थीं।
निगरानी रखें और जागते रहें
इससे पहले रात को 1:12 बजे ममता बनर्जी ने अपनी एक अन्य पोस्ट में लिखा कि सतर्क रहें, रात भर निगरानी रखें और जागते रहें। यदि कहीं कुछ गलत दिखे तो शिकायतें करें। मुझे अलग-अलग जगहों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जान-बूझकर बिजली काटी जा रही है।
बिजली काटी जाने का आरोप
ममता बनर्जी ने आगे लिखा- हुगली के श्रीरामपुर से लेकर नदिया के कृष्णानगर तक, बर्दवान के औसग्राम से लेकर कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र तक बिजली काटी जाने की घटनाएं सामने आई है। इन जगहों पर सिलसिलेवार तरीके से बिजली काटी जा रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश- सतर्क रहें
ममता बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि CCTV कैमरे बंद किए जा रहे हैं। स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर-बाहर गाड़ियां आ-जा रही हैं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करती हूं, जिस तरह मैं हर चीज पर नजर रखे हूं उसी तरह आप भी पूरी रात जागते रहें और स्ट्रॉन्ग रूम में पहरेदारी करें। अगर कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति पैदा होती है तो तुरंत शिकायत दर्ज करें। साथ ही CCTV फुटेज की मांग करें। सब BJP के इशारे पर किया जा रहा है।
बहुमत की ओर BJP
खबर लिखे जाने तक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रूझानों में BJP 185 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है जबकि टीएमसी 91 सीटों पर आगे है। 294 सदस्यों वाले सदन में बहुमत का आंकड़ा 148 है। भाजपा शुरुआती रुझानों में इसको पार करती नजर आ रही है। रूझानों में भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है।




साइन इन