bengal tmc and bjp workers clash during repolling बंगाल में पुनर्मतदान के बीच हिंसा, भिड़ गए बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ता;पुलिस ने भांजी लाठियां, West-bengal Hindi News - Hindustan
More

बंगाल में पुनर्मतदान के बीच हिंसा, भिड़ गए बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ता;पुलिस ने भांजी लाठियां

पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान के बीच फाल्टा में हिंसा की खबर है । यहां एक विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और भीड़ तितर-बितर की।

Sat, 2 May 2026 02:55 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
बंगाल में पुनर्मतदान के बीच हिंसा, भिड़ गए बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ता;पुलिस ने भांजी लाठियां

पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों के 15 बूथ पर पनुर्मतदान के बीच फाल्टा में हिंसा की खबरें हैं। जानकारी के मुताबिक यहां टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इसके बाद लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। आपको बता दें कि फाल्टा सीट पर दोबारा वोटिंग नहीं करवाई जा रही है। दरअसल दक्षिण 24 परगान के फाल्टा में बीजेपी समर्थकों का कहना है कि उन्हें टीएमसी के लोगों से लगातार धमकियां मिल रही हैं और 4 मई को वोटों की गिनती के दौरान हिंसा की आशंका है। इसी को लेकर वे प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान टीएमसी के कार्यकर्ता भी निकल गए और इस प्रदर्शन का विरोध करने लगे। इसपर बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में हाथापाई हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक पहले से ही स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए इस इलाके में सीआरपीएफ और आरएएफ की तैनाती की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक इस प्रदर्शन में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं। एक स्थानीय महिला ने कहा कि टीएमसी के इसराफिल चौधरी ने धमकी दी कि अगर वे जीत जाएंगे तो उनके घर जला देंगे और खूनी खेल होगा। महिला ने कहा कि उन्होंने टीएमसी को वोट दिया है और इसके बाद भी उन्हें धमकाया जा रहा है।

15 बूथों पर मतदान जारी

बता दें कि आज यानी शनिवार को मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक दोपहर 2 बजे तक 55 फीसदी मतदान हो गया था। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने कहा, ‘अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हिंसा या अशांति की कोई घटना सामने नहीं आई है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की पर्याप्त संख्या है। वेबकास्टिंग भी जारी है और हम पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।’ इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बंगाल में त्रिशंकु विधानसभा हुई तो क्या होगा? 5-10 सीटों का हेरफेर पलट देगा गेम
ये भी पढ़ें:BJP ने बंगाल में शुरू की रिजल्ट के बाद की तैयारी, सभी कैंडिडेट को मिल गए निर्देश

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया। मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।

डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल के पन्ना लाल हलदर, भाजपा के दीपक कुमार हलदर को चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर नाइया समेत कई अन्य प्रत्याशी भी इस सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं।

निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।