पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: भाजपा जीतेगी तो सीएम कौन? दिलीप घोष ने बता दिया
दिलीप घोष ने कहा कि मैं चुनाव लड़ता हूं, लेकिन किसी भी दौड़ में टिकता नहीं हूं। पिछली बार जब मैं पार्टी अध्यक्ष था, तब टीवी पर मेरे नाम की चर्चा होती थी और लोगों को लगता था कि अगर भाजपा जीती तो मैं ही मुख्यमंत्री बनूंगा। लेकिन यह पूरी तरह से पार्टी का फैसला है।

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार चरम पर है। सभी राजनीतिक पार्टियां ताबड़तोड़ प्रचार कर रही हैं। यहां पर सीधी लड़ाई बीजेपी और टीएमसी के बीच है। कांग्रेस और लेफ्ट भी खेला करने को तैयार है। इस चुनाव में एक बात तो साफ है कि अगर टीएमसी चुनाव जीतती है तो ममता बनर्जी ही सीएम बनेंगी। अब सवाल ये है कि अगर बीजेपी जीतती है तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस सवाल का जवाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और खड़गपुर सदर से विधानसभा उम्मीदवार दिलीप घोष ने दिया है। 2026 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत पर मुख्यमंत्री पद को लेकर साफ कहा कि यह फैसला पार्टी और विधायकों के हाथ में है, उनके हाथ में नहीं है।
एक टीवी चैनल से बात करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि मैं चुनाव लड़ता हूं, लेकिन किसी भी दौड़ में टिकता नहीं हूं। पिछली बार जब मैं पार्टी अध्यक्ष था, तब टीवी पर मेरे नाम की चर्चा होती थी और लोगों को लगता था कि अगर भाजपा जीती तो मैं ही मुख्यमंत्री बनूंगा। लेकिन यह पूरी तरह से पार्टी का फैसला है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार भाजपा निश्चित रूप से जीतेगी। कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है, भले ही उसका नाम आज कोई नहीं जानता हो। फिर भी भाजपा पूरे देश की तरह बंगाल में भी सुशासन देगी।
बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल में बदलाव का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि बदलाव जरूर आएगा। भाजपा सरकार बनाएगी, यह सिर्फ समय की बात है। सत्ता में बैठे लोग जिस तरह चिल्ला रहे हैं, गाली-गलौज कर रहे हैं और बेतुकी बातें कर रहे हैं, उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान दिलीप घोष बच्चों के बीच चॉकलेट बांटते भी नजर आए। जब उनसे चॉकलेट देने को लेकर सवार किया गया तो उन्होंने बताया कि वे भावी मतदाताओं को तैयार कर रहे हैं, इसलिए अभी से जमकर प्रचार कर रहे हैं।
इस दौरान दिलीप घोष ने याद दिलाया कि वे लंबे समय तक अकेले जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और उनके कार्यकाल में पार्टी को बड़ी सफलता मिली। हालांकि, पार्टी में अब कई नए चेहरे उभरे हैं। फिर भी वे पूरी तैयारी के साथ 2026 के चुनाव में उतरे हैं और अपने गढ़ खड़गपुर में जोरदार प्रचार अभियान चला रहे हैं। उम्मीद नहीं, विश्वास है कि इस बार भाजपा जीतेगी और बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी।
बता दें कि भाजपा ने अभी तक पश्चिम बंगाल के लिए मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है। पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास के एजेंडे के साथ चुनाव लड़ रही है। यही कारण है कि अभी सीएम चेहरा को लेकर कयास लगाया जा रहा है और पूछा जा रहे है कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो सीएम कौन बनेगा?




साइन इन