suvendu adhikari PA chandranath rath murder kolkata madhyamgram eyewitness account 'सीना खून से लथपथ, ड्राइवर फूट-फूटकर रो रहा था...' शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या का खौफनाक मंजर, West-bengal Hindi News - Hindustan
More

'सीना खून से लथपथ, ड्राइवर फूट-फूटकर रो रहा था...' शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या का खौफनाक मंजर

पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में 8 हमलावरों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। चश्मदीदों से जानिए 4 बाइक और फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से कैसे रची गई मौत की यह खौफनाक साजिश।

Thu, 7 May 2026 07:26 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share
'सीना खून से लथपथ, ड्राइवर फूट-फूटकर रो रहा था...' शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या का खौफनाक मंजर

पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी और निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस वारदात को अंजाम देने के लिए 4 बाइकों पर 8 हमलावर आए थे। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने इस खौफनाक हमले की जो कहानी बयां की है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

'साहब, आपको क्या हो गया!', फूट-फूटकर रो रहा था ड्राइवर

एक चश्मदीद ने बताया कि सड़क पर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार खड़ी थी। अंदर बैठा ड्राइवर फूट-फूटकर रो रहा था और कह रहा था, "साहब, आपको क्या हो गया!" चश्मदीद के मुताबिक, "जब हम गाड़ी के पास पहुंचे तो देखा कि दूसरी सीट पर बैठा शख्स (चंद्रनाथ) पूरी तरह खून से लथपथ था। उसके सीने से तेजी से खून बह रहा था और मुंह से हल्की आवाजें आ रही थीं। वह जिंदा था लेकिन बोलने की स्थिति में बिल्कुल नहीं था।" स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और ड्राइवर से कहा कि वह बिना देरी किए दोनों को अस्पताल ले जाए।

घर से महज 200 मीटर पहले कैसे बिछाया गया मौत का जाल?

पुलिस और शुरुआती जांच के अनुसार, यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था। चंद्रनाथ रथ बुधवार देर रात कोलकाता से नॉर्थ 24 परगना के दोहारिया (जेस्सोर रोड) स्थित अपने फ्लैट की ओर लौट रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अपने करीबी की हत्या पर क्या बोले शुभेंदु, कैसे हुआ था अटैक; चश्मदीद ने बताया

हमले को इस तरह अंजाम दिया गया

फर्जी नंबर प्लेट वाली कार: जब चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो उनके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर थी, तभी सिलीगुड़ी रजिस्ट्रेशन (WB 74) वाली एक कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता के अनुसार, जांचकर्ताओं को शक है कि इस कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।

4 बाइक और 8 हमलावर: जैसे ही स्कॉर्पियो की रफ्तार कम हुई, हेलमेट पहने 8 हमलावर 4 मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे। उन्होंने बेहद करीब से कम से कम 4 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

चंद्रनाथ को लगीं दो गोलियां, ड्राइवर अपोलो अस्पताल में भर्ती

फायरिंग के तुरंत बाद चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को मध्यमग्राम के एक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के प्रमुख प्रतिम सेनगुप्ता ने बताया कि चंद्रनाथ की बाईं छाती में दो गोलियां लगी थीं और उन्हें मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। सीपीआर (CPR) देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हमले के वक्त गाड़ी चला रहे ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को तीन गोलियां लगी हैं। एक गोली दाहिने सीने, दूसरी पेट और तीसरी दाहिने हाथ में लगी है। उन्हें आगे की सर्जरी के लिए कोलकाता के अपोलो मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, वह अभी होश में हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, कोलकाता में सनसनीखेज वारदात

अस्पताल पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, टीएमसी ने की निंदा

इस हत्याकांड के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और नेता जमा हो गए। शुभेंदु अधिकारी भी देर रात अस्पताल पहुंचे। हालात को काबू में करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों ने हमलावरों की पहचान और हत्या के मकसद की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बयान जारी कर लिखा, "हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। इसके साथ ही, हम पिछले तीन दिनों में आचार संहिता लागू होने के बावजूद बीजेपी समर्थित उपद्रवियों द्वारा चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए अपने तीन टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं।"