बंगाल में BJP के पहले CM की ताजपोशी पर भावुक हुए PM मोदी, किसे दंडवत होकर किया प्रणाम?
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड मंच से विशाल और उत्साहित भीड़ का अभिवादन किया। पश्चिम बंगाल की जनता के समक्ष हाथ जोड़कर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने धीरे से घुटने टेककर हाथ जोड़ते हुए बंगाल की जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

पश्चिम बंगाल में 15 साल बाद 9 मई 2026 को सत्ता परिवर्तन हो गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी शनिवार को प्रदेश के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नतमस्तक होकर बंगाल की जनता को नमन किया और 98 वर्षीय वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी सुर्खी बन गया।
जनता का आशीर्वाद ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति
दरअसल, भाजपा ने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य उत्सव के रूप में मनाया। यह कार्यक्रम बंगाल में भाजपा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और हजारों भाजपा कार्यकर्ता तथा समर्थक मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से विशाल और उत्साहित भीड़ का अभिवादन किया। पश्चिम बंगाल की जनता के समक्ष हाथ जोड़कर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने धीरे से घुटने टेककर हाथ जोड़ते हुए बंगाल की जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नए मंत्रिमंडल के सदस्य उनके साथ खड़े रहे।
इसके बाद सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि मैं पश्चिम बंगाल की जनशक्ति को नमन करता हूं। जनता का आशीर्वाद ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति और जन संकल्प का सबसे महान स्रोत है। वहीं, भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स हैंडल ने भी इस मौके पर बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए भावुक संदेश पोस्ट किया गया है।
पीएम मोदी ने 98 वर्षीय नेता के चरण स्पर्श किए
इसके अलावा एक और भावुक पल में पीएम मोदी ने 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता माखनलाल सरकार (डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी रहे) के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाया और मंच पर विनम्रतापूर्वक बातचीत की। सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि आज पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और राष्ट्र, खासकर बंगाल के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद करना स्वाभाविक है। उनके सपनों को साकार करने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
बता दें कि माखनलाल सरकार को पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रारंभिक जमीनी स्तर के नेताओं में गिना जाता है। उन्होंने 1952 में डॉ मुखर्जी के साथ जम्मू-कश्मीर में भारतीय तिरंगे को फहराने के आंदोलन के दौरान गिरफ्तारी भी झेली थी।
चुनावी परिणाम और नया मंत्रिमंडल
गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत किया। टीएमसी को 80 सीटें मिलीं। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से जीत हासिल करने वाले शुभेंदु अधिकारी सबसे पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नए मंत्रिमंडल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष समेत अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
बता दें कि इस चुनाव में पश्चिम बंगाल में अब तक की सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसमें पहले दो चरणों में 92 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।




साइन इन