बंगाल में मतदाता सूची पर महासंग्राम, ममता बनर्जी बोलीं- 12000000 वोटर हटाने की साजिश
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में नागरिकों के नाम हटाए जाने के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का बुधवार को संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका है कि तार्किक विसंगतियों का हवाला देकर 1.2 करोड़ से अधिक नाम हटाने की साजिश रची जा रही है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में नागरिकों के नाम हटाए जाने के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का बुधवार को संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका है कि तार्किक विसंगतियों का हवाला देकर 1.2 करोड़ से अधिक नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। एसआईआर के पहले चरण के बाद 58 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने का दावा करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि तार्किक विसंगतियों के बहाने 14 फरवरी तक कम से कम 20 लाख और असली मतदाताओं को चुपके से मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया।
अपने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दो लाख अतिरिक्त मतदाताओं के नाम हटाकर अंतिम मतदाता सूची से 80 लाख नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने लाखों मतदाताओं के नाम हटाने के निर्वाचन आयोग के कदम के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया था और शीर्ष अदालत के आदेश के बावजूद आयोग ने व्हाट्सऐप पर नियमित रूप से निर्देश जारी किए हैं।
इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे न्याय चाहिए। मैं किसी का भी नाम हटाए जाने के खिलाफ हूं... इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि पीड़ित हिंदू हैं या मुसलमान, या किसी अन्य समुदाय से हैं। मैं उनके लिए प्रार्थना करूंगी, उनके साथ खड़ी रहूंगी और उनके लिए लड़ूंगी। मतता बनर्जी आगे कहा कि मैं कहना चाहती हूं कि जियो और जीने दो।
संत कुटिया गुरुद्वारा गेट का भी उद्घाटन
उन्होंने कोलकाता में सिखों के लिए संत कुटिया गुरुद्वारा गेट का भी उद्घाटन किया और न्यू टाउन में 28.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अल्पसंख्यक केंद्र की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है और सभी अल्पसंख्यक समुदाय (जैन, सिख, मुस्लिम, ईसाई और बौद्ध) वहां कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। कई पंजाबी भाइयों और बहनों ने संत कुटिया गुरुद्वारा गेट के निर्माण का अनुरोध किया था, और मैंने उस वादे को पूरा किया है।
इन परियोजनाओं में हुगली जिले के मुस्लिम तीर्थ स्थल फुरफुरा शरीफ में 100 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु केंद्र, सुंदरबन के गोसाबा में एक ग्रामीण अस्पताल, कोलकाता के टॉलीगंज में एक नया अग्निशमन केंद्र और राज्य परिवहन विभाग द्वारा संचालित की जाने वाली 100 एसी तथा 20 नॉन-एसी सीएनजी बसें भी शामिल थीं।




साइन इन