खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम करेंगे; जहांगीर खान कौन और बंगाल चुनाव से पहले किसे दे रहे धमकी
West Bengal Jahangir Khan News: खान को बांग्ला में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यहां हर मां दुर्गा है। जिस तरह मां दुर्गा जानती हैं कि राक्षसों को कैसे हराया जाए, हमारी मां भी जानती हैं कि केंद्रीय सुरक्षाबलों से कैसे निपटना है।

West Bengal Jahangir Khan News: पश्चिम बंगाल में दूसरे और आखिरी चरण का मतदान कल (बुधवार, 29 अप्रैल को) होना है लेकिन उससे पहले वहां का सियासी माहौल गरमाया हुआ है। दरअसल, चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा की तैनाती पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में 24 परगना जिले में की है। इसी क्रम में उन्होंने एक टीएमसी प्रत्याशी को ऐसी चेतावनी दी कि उसे लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। IPS अफसर की इस चेतावनी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वो फालटा निर्वाचन क्षेत्र से टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान के परिवार और समर्थकों को सख्त लहजे में चेतावनी देते दिख रहे हैं कि अगर मतदाताओं को डराने-धमकाने की खबरें आईं, तो वे "अच्छे से खबर लेंगे" और कायदे से इलाज किया जाएगा।
सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने अजय पाल शर्मा पर मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं। इसी बीच, फालटा से TMC के उम्मीदवार का पलटवार करते हुए एक धमकी वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में टीएमसी उम्मीदवार को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि खेल तुमने शुरू किया, लेकिन खत्म हम करेंगे। वीडियो में टीएमसी उम्मीदवार को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, “हमारे इलाके में जनता ही असली ताकत है। अगर यहां के लोग निकल पड़ेंगे तो केंद्रीय बल हवा में उड़ जाएंगे। खेल भले उन लोगों ने शुरू किया है लेकिन खत्म हम करेंगे।”
यहां हर मां दुर्गा है
उन्होंने आगे कहा, "कुछ लोग केंद्रीय बलों के साथ घूम रहे हैं और बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।" खान को एक भीड़ को संबोधित करते हुए और बांग्ला में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यहां हर मां दुर्गा है। जिस तरह मां दुर्गा जानती हैं कि राक्षसों को कैसे हराया जाए, हमारी मां भी जानती हैं कि केंद्रीय सुरक्षाबलों से कैसे निपटना है, जो भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस कथित वीडियो का पुष्टि नहीं करता है।
कौन हैं जहंगीर खान?
जहांगीर खान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार हैं, जो 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में फालटा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी उम्र 41 साल है। उन्होंने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। चुनाव संबंधी घोषणाओं से पता चलता है कि उनके पास करीब 2.1 करोड़ रुपए की संपत्ति है और उन पर कोई देनदारी नहीं है। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह जमीन हड़पने, तस्करी करने और अन्य संगठित गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उनके ताल्लुकात उस गुट से बताया जाता है, जो अभिषेक बनर्जी का कोर ग्रुप है। इसके साथ ही यह भी दावा किया गया है कि फाल्टा में चुनावों के नतीजों पर उनका काफी प्रभाव है। बीजेपी ने तो जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का दाहिना हाथ बताया है।
अजय पाल शर्मा कौन?
वहीं, अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और अपनी "सिंघम" वाली छवि और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में जाने जाते रहे हैं। उनकी बंगाल चुनावों में तैनाती पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी आपत्ति जताई है। एक दिन पहले ही उन्होंने ट्वीट कर लिखा था, "प. बंगाल में भाजपा ने ऑब्जर्वर के नाम पर रामपुर व संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं। दीदी हैं, दीदी रहेंगी! सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जाँच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी। ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे। ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे। लोकतंत्र के अपराधी बख़्शे नहीं जाएंगे!




साइन इन