बंगाल में महिला वोटर्स पर SIR का कितना असर? दूसरे चरण से पहले आंकड़े बता रहे पूरी कहानी
पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर यह हवा उड़ाई गई कि यह महिला वोटर्स के खिलाफ है। हालांकि आंकड़े कुछ और ही कहानी बताते हैं। इसके मुताबिक बंगाल में बुधवार को जिन 142 सीटों पर मतदान होने जा रहा है, उनमें 23 पर महिला वोटर्स का दबदबा है।

पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर यह हवा उड़ाई गई कि यह महिला वोटर्स के खिलाफ है। हालांकि आंकड़े कुछ और ही कहानी बताते हैं। इसके मुताबिक बंगाल में बुधवार को जिन 142 सीटों पर मतदान होने जा रहा है, उनमें 23 पर महिला वोटर्स का दबदबा है। इसमें जादवपुर का भी नाम है, जहां पुरुषों की तुलना में 11,759 वोटर ज्यादा हैं। पनिहाटी, जहां से भाजपा ने आरजीकर पीड़िता की मां को उम्मीदवार बनाया है, वहां भी महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से ज्यादा है।
कोलकाता और साल्ट लेक के इर्द-गिर्द सीटें
महिला वोटरों के दबदबे वाली सभी 23 सीटें कोलकाता और साल्ट लेक के इर्द-गिर्द हैं। जादवपुर के बाद दूसरा नंबर बेहला पश्चिम का है, जहां महिला वोटरों की संख्या 1.37 लाख और पुरुष मतदाता 1.28 लाख है। इनमें टॉलीगंज, रसबेहरी, बारानगर, बर्दवान दक्षिण समेत कुल 10 क्षेत्र हैं, जहां पर महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। बारासात में 373 तो हुगली के चंपादनी में 122 महिला वोटर ज्यादा हैं। यही हाल, बिधाननगर, रसबेहरी, बारानगर और कस्बा में भी है। इन सभी जगहों पर पुरुष वोटरों की तुलना में महिला वोटर ज्यादा हैं।
पहले चरण में भी हावी
अगर पहले चरण के मतदान की बात करें तो इस दौरान 18 विधानसभा क्षेत्र ऐसे थे, जहां पर पुरुषों की तुलना में महिला वोटर ज्यादा थीं। इसमें सबसे ज्यादा बड़े अंतर वाला क्षेत्र कुर्सेओंग था, जहां पर 87,002 महिला वोटरों और 83,405 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुछ ऐसा ही हाल सीतलकुची में भी दिखा। यहां पर 1.37 लाख पुरुषों की तुलना में 1.41 लाख महिलाओं ने वोट डाले। दार्जिलिंग में भी महिला वोटरों की संख्या अधिक रही और 82,914 पुरुषों की तुलना में 86,211 महिलाओं ने वोट डाले।
वोटर टर्नआउट भी महिलाओं का ज्यादा
यह भी दिलचस्प बात है कि महिला वोटर्स की संख्या सिर्फ वोटर लिस्ट में ही अधिक नहीं है। बल्कि वोट डालने में भी यह कहीं आगे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक 23 अप्रैल को जिन 16 जिलों में मतदान हुआ वहां एसआईआर ने वोटर जेंडर का रेशियो 950 कर दिया है। लेकिन पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक संख्या में वोट डालने पहुंचीं। गुरुवार को जारी, चुनाव आयोग के आंकड़ों में भी यह बात नजर आई। इसके मुताबिक 152 विधानसभाओं में पुरुषों का वोटिंग परसेंटेज 91 रहा, जबकि महिला वोटरों का प्रतिशत 92.7 रहा।




साइन इन