PM मोदी का झालमुड़ी दांव बंगाल चुनाव को कितना बनाएगा चटपटा? BJP नेता ने बताया; ममता पर सवाल
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहाकि पीएम मोदी का झाड़ग्राम में झालमुड़ी खरीदना, यहां के चुनाव में निश्चित तौर पर असर डालेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सवाल उठाते हुए कहाकि क्या ममता ने पिछले 15 साल में कभी छोटे व्यापारियों तक पहुंचने की ऐसी कोशिश की।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहाकि पीएम मोदी का झाड़ग्राम में झालमुड़ी खरीदना, यहां के चुनाव में निश्चित तौर पर असर डालेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सवाल उठाते हुए कहाकि क्या ममता ने पिछले 15 साल में कभी छोटे व्यापारियों तक पहुंचने की ऐसी कोशिश की। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहाकि पीएम मोदी न सिर्फ एक ब्रांड हैं, बल्कि वह लोगों के दिल में बसते हैं। पीएम मोदी ने रविवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह मशहूर बंगाली स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का लुत्फ उठाते नजर आए।
पीएम ने खाई थी झालमूड़ी
अपने सुरक्षाकर्मियों से घिरे प्रधानमंत्री, दुकानदार के पास पहुंचे और झालमुड़ी के बदले उसे पैसे भी दिए। हालांकि दुकानदार पीएम मोदी से पैसे नहीं ले रहा था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने जोर देकर उसे पैसे दिए। इसी वीडियो की तरफ इशारा करते हुए अनुराग ठाकुर ने ममता बनर्जी पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या पिछले 15 साल में कभी ऐसा हुआ, जब बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी किसी छोटी दुकान पर पहुंचीं और उन्होंने कुछ खाया। जबकि प्रधानमंत्री ने ऐसा किया। इसके अलावा उन्होंने टीएमसी सरकार पर केंद्र की कई योजनाओं में रुकावट डालने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने यह भी कहाकि प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
आरक्षण महिलाओं का अधिकार
हाल ही में लोकसभा में बिल पास न हो पाने पर भी अनुराग ठाकुर ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहाकि महिलाओं को आरक्षण उनका फेवर नहीं, यह उनका अधिकार है। ठाकुर ने कहाकि भाजपा ने यह सुनिश्चित किया कि कानून पास हो जाए, लेकिन कांग्रेस और टीएमसी जैसी पार्टियां इसमें लगातार अड़ंगा लगा रही हैं। एक अन्य भाजपा नेता, हर्षवर्धन श्रृंगला ने दावा किया कि टीएमसी सरकार प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रही है।
बेरोजगारी को लेकर भी आरोप
रोजगार के मुद्दे पर, ठाकुर ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। राज्य में रोजगार के अवसरों की कमी के लिए ममता बनर्जी सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि अनौपचारिक क्षेत्र में नौकरी की हानि और युवाओं का अन्य राज्यों में पलायन एक शासन की असफलता को दर्शाता है और टीएमसी सरकार पर व्यवसायों के लिए शत्रुतापूर्ण माहौल को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहाकि बंगाल के लोग बदलाव की तलाश में हैं। भाजपा विकास, रोजगार सृजन और पारदर्शी शासन के प्रति प्रतिबद्ध है।




साइन इन