'न तो ममता दीदी, न ही मोदी जी...', बंगाल के एग्जिट पोल पर क्या बोले सौरव गांगुली
सौरव गांगुली का यह बयान ऐसे समय आया है जब एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ चुके हैं और उनमें विभिन्न एजेंसियों के अलग-अलग अनुमान देखने को मिल रहे हैं। कई एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है। इस बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इस पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि न तो ममता दीदी, न मोदी जी और यहां तक कि बंगाल की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा भी इस चुनाव के नतीजों का सटीक अनुमान नहीं लगा सकती हैं।
स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान सौरव गांगुली ने कहा कि इस तरह के सवाल का जवाब देना आसान नहीं है और असली नतीजे तो मतगणना के दिन ही सामने आएंगे। गांगुली ने शुक्रवार को पत्रकारों के सवाल पर कहा, 'मैं इस सवाल का जवाब कैसे दे सकता हूं? सोमवार को जब मतपेटियां खुलेंगी तभी हम सभी को सही नतीजा पता चलेगा।'
बंगाल को लेकर एग्जिट पोल में क्या
सौरव गांगुली का यह बयान ऐसे समय आया है जब एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ चुके हैं और उनमें विभिन्न एजेंसियों के अलग-अलग अनुमान देखने को मिल रहे हैं। कई एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे व अंतिम चरण में मतदान खत्म हुआ। इससे पहले बीते 23 अप्रैल को राज्य की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। प्रदेश में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं। बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार शाम आए कई चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों के सर्वे में भाजपा को निर्णायक बढ़त या बहुमत मिलने की संभावना जताई गई। हालांकि कुछ सर्वेक्षणों ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार बरकरार रहने का अनुमान जताया है।
पीपुल्स प्लस के सर्वे में कहा गया कि तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटें हासिल करके अपनी सत्ता बरकार रख सकती है। भाजपा को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीट मिलने की संभावना जताई गई है। जनमत पोल्स के एग्जिट पोल के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 195 से 205 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा को 80 से 90 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। पोल डायरी के सर्वे का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 142 से 171 सीटों के साथ पहली बार सत्ता में आ सकती है। इस सर्वे के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 से ही संतोष करना पड़ सकता है।




साइन इन