ममता बनर्जी के गंभीर आरोप, चुनाव आयोग का खंडन; बंगाल में नतीजों से पहले इतना हंगामा क्यों
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने चुनाव आयोग की गलती बताते हुए कहा कि अब निगरानी और बढ़ाई जाएगी। बिना आधिकारिक सूचना के कोई भी स्ट्रॉन्ग रूम की सील नहीं तोड़ेगा। साथ ही, अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी है।

पश्चिम बंगाल में गुरुवार रात सियासी घमासान देखने को मिला, जब तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता में मतपत्रों और EVM से छेड़छाड़ के आरोप लगाए। टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से पूरी रात जागकर ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी करने की अपील की। बनर्जी खुद अलग-अलग स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचीं, जहां TMC उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पंजा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बिना संबंधित पक्षों की मौजूदगी के स्ट्रॉन्ग रूम खोल रहा है। हालांकि, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने नियमों का हवाला देते हुए इन आरोपों को खारिज कर दिया।
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने चुनाव आयोग की गलती बताते हुए कहा कि अब निगरानी और बढ़ाई जाएगी। बिना आधिकारिक सूचना के कोई भी स्ट्रॉन्ग रूम की सील नहीं तोड़ेगा। उन्होंने बताया कि अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी है और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। वहीं, ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग सेंटर पहुंचीं और वहां कई घंटे तक रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें शुरू में केंद्रीय बलों ने अंदर जाने से रोका। दूसरी ओर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बनर्जी केवल अपने निर्वाचन क्षेत्र तक ही रह सकती हैं और अन्य क्षेत्रों के स्ट्रॉन्ग रूम में नहीं जा सकतीं।
आरोपों पर क्या बोला चुनाव आयोग
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने भी TMC के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित और सीलबंद हैं। अधिकारियों के अनुसार, मतदान के बाद सभी ईवीएम को उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में सील किया गया था और वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। आयोग ने यह भी बताया कि पोस्टल बैलेट के लिए अलग व्यवस्था की गई है और सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत हो रही हैं।
भाजपा ने TMC पर झूठा नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया है। बीजेपी नेता तपस रॉय ने कहा कि TMC कार्यकर्ताओं ने वहां नारेबाजी और दुर्व्यवहार किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि टीएमसी पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है और यह सारा विवाद उसी का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह बुझने से पहले की आखिरी झिलमिलाहट है और इसका जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस बीच, ममता बनर्जी ने काउंटिंग से पहले चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




साइन इन