बंगाल के लोग आतंकवादी हैं क्या? पूरे देश से यहां सेना को बुला दिया, BJP पर बरसे अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आगे कहा, ‘75 साल में इतना कमजोर PM नहीं देखा गया। सोशल मीडिया पर मोदी और अमित शाह का मजाक उड़ रहा है। प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी मजबूती से नहीं बोल पा रहे।’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की प्रचार गतिविधियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कमजोर पीएम बताया और आरोप लगाया कि राज्य में लगभग 27 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। केजरीवाल ने रविवार को उत्तर कोलकाता के बेलेघाटा में तृणमूल कांग्रेस के प्रचार के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'मैं दिल्ली से आपके पास आया हूं। यह कोई साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि देश को बचाने और लोकतंत्र की रक्षा का चुनाव है। भाजपा ने अपना पूरा तंत्र बंगाल में लगा दिया है। यह बंगाली अस्मिता और बंगाल के लोगों की गरिमा पर हमला है। पूरा बंगाल भाजपा, अमित शाह और मोदी जी को लोकतंत्र बचाने के लिए करारा जवाब देगा और उन्हें बुरी तरह हराएगा।'
आप संयोजक ने कहा, 'सोशल मीडिया पर देखिए, लोग प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हैं, उनके खिलाफ मीम्स बना रहे हैं। मोदी जी ईमानदारी से चुनाव नहीं जीत सकते। मोदी के हैं तीन यार- ED, CBI और ज्ञानेश कुमार।' उन्होंने कहा कि पूरे देश से यहां सेना को बुलाया गया है, इसकी क्या जरूरत है? क्या बंगाल के लोग आतंकवादी हैं? यह बंगाल के लोगों का अपमान है। यहां साढ़े 3 लाख सैन्य बल तैनात किए गए हैं, उन्हें किस बात का डर है? इतना सब होने के बाद भी अगर मोदी जी चुनाव हार जाते हैं तो बंगाल की जनता उनसे पूछना चाहती है कि क्या वह इस्तीफा देंगे?
इतना कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा गया: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आगे कहा, '75 साल में इतना कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा गया। सोशल मीडिया पर मोदी और अमित शाह का खूब मजाक उड़ रहा है। प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी मजबूती से नहीं बोल पा रहे हैं। वे केवल गंदी राजनीति कर रहे हैं। यह पूरा चुनाव SIR के इर्द-गिर्द लड़ा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में 27 लाख मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। अगर आप मतदाता नहीं हैं, तो आपकी नागरिकता पर सवाल उठता है। मैं प्रभावित लोगों से अपील करता हूं कि वे ममता दीदी के साथ खड़े हों और घर-घर जाकर उनके लिए प्रचार करें।'
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली में लागू की गई कई कल्याणकारी योजनाओं को उलट दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो पश्चिम बंगाल की योजनाओं पर भी रोक लग सकती है। केजरीवाल ने कहा, 'आज उन्होंने दिल्ली में हमारा सारा अच्छा काम नष्ट कर दिया। हमने अच्छी स्कूल बनाए, उन्होंने बंद कर दिए। हमने मोहल्ला क्लिनिक बनाए, महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त की, लेकिन उन्होंने रोक दी। हमने बिजली मुफ्त की, वे उसे भी रोकने वाले हैं। दीदी ने यहां जो काम किए हैं, अगर आप गलती से उन्हें वोट दे दिए तो वे सब बंद कर देंगे।' पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 92.35% मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी।




साइन इन