PM Kisan Samman Nidhi Will Be Increased to 9 Thousand Per Year PM Modi Announcement in Bengal पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 9 हजार रुपये करेंगे, बंगाल में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, India News in Hindi - Hindustan
More

पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 9 हजार रुपये करेंगे, बंगाल में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे फेज से पहले पीएम मोदी ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर पीएम किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया जाएगा।

Sun, 26 April 2026 05:58 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share
पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 9 हजार रुपये करेंगे, बंगाल में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो किसानों को दी जाने वाली पीएम किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये कर दिया जाएगा। अभी देशभर में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। हर चार महीने में दो हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं।

बनगांव में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए भी कई वादे किए। उन्होंने कहा, ''लखपति अभियान के तहत बंगाल की 75 लाख बहनों को यहां बनने वाली भाजपा सरकार मदद देगी, ताकि वे लखपति दीदी बनें और हर साल एक लाख रुपये से अधिक कमा सकें। बंगाल की बेटियां अपने मन का रोजगार करें, इसके लिए उन्हें 20 लाख रुपये तक का मुद्रा लोन मिलेगा। बैंक गारंटी मांगता है, बहनों के पास यह गारंटी कहां से होगी, इसलिए आपके भाई ने तय किया है कि मेरी बहनों की बैंक गारंटी आपका भाई मोदी देगा।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लोकतंत्र में हिंसा का स्थान नहीं, ट्रंप के डिनर में हमले पर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, ''बंगाल भाजपा ने बहनों के लिए एक बहुत बड़ी घोषणा की है। हर साल बहनों को 36 हजार रुपये मिलेंगे। पांच साल सरकार रहेगी, तो 180,000 रुपये मिलेगा। इसी तरह, बेटियों की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। पीएम आवास योजना के घर गरीब परिवार की बहनों के नाम होता है। पक्का घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे। बंगाल भाजपा सरकार पीएम किसान सम्मान निधि को भी बढ़ाकर नौ हजार रुपये करेगी।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हमें नहीं मिर्ची आपको लगेगी; PM के झालमुड़ी वाले तंज पर ममता बनर्जी का पलटवार

उन्होंने आगे कहा कि मैं जानता हूं कि बहनों को बिजली बिल की भी बहुत चिंता होती है। आपका बिजली बिल जीरो हो, इसके लिए परिवार को सोलर प्लांट लगाने के लिए हर परिवार को मोदी सरकार 80 हजार रुपये देगी। आप मोदी की एक और गारंटी लिख लीजिए, भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान योजना लागू होने पर फैसला होगा। पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।''