क्रिसमस पर कैसा रहेगा आपके यहां मौसम? जश्न से पहले ठिठुरन और कोहरे पर पढ़ लें IMD का ये अलर्ट
IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना जताई है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग इलाकों और बिहार में 22 से 26 दिसंबर के दौरान शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना जताई है।

Weather Updates IMD Alert Fog: मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में जहां आगामी दिनों में और कड़ाके की ठंड बढ़ेगी वहीं घने कोहरे का दौरा जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)के ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कस्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में आगामी दिनों में बर्फबारी और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिसकी वजह से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठिठुरन भरी ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने कहा है कि क्रिसमस के दिन यानी 25 दिसंबर को और उसके बाद भी पूरा उत्तर भारत घने कोहरे और ठंड की चपेट में रह सकता है। इससे क्रिसमस के जश्न में खलल पड़ सकता है। IMD ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के मनाली में न्यूनतम तापमान -7°C तक जा सकता है। इसके अलावा मैदानी इलाकों यानी पंजाब में 27 दिसंबर तक और उत्तर प्रदेश में 23 और 25 से 28 दिसंबर तक घना रकोहरा रह सकता है। IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 24 से 27 दिसंबर तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
शीतलहर की संभावना
IMD ने कहा है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में 22 से 27 दिसंबर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 22 से 29 दिसंबर, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 22 से 27 दिसंबर तक और उत्तर-पूर्वी भारत में 22 से 25 दिसंबर के दौरान रात/सुबह के घंटों में घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना जताई है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग इलाकों और बिहार में 22 से 26 दिसंबर के दौरान शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना जताई है।
UP के 40 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
IMD ने कहा है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में अत्यंत घने कोहरे का रेड और ऑरेंज अलर्ट है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा देखा गया, जिससे दृश्यता (visibility) 200-500 मीटर तक रह गई। अधिकतम तापमान 21°C - 22°C और न्यूनतम तापमान 9°C के आसपास रहने का अनुमान है।
बिहार-झारखंड में कंपाने वाली ठंड
दूसरी तरफ, बिहार-झारखंड के अधिकांश जिलों में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठिठुरन से लोग बेहाल हैं, वहीं अस्पतालों में ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऊपर से कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी इलाकों के ऊपर सक्रिय है लेकिन 27 दिसंबर के करीब एक और विक्षोभ के आने की संभावना है। उसकी वजह से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। इसका असर मैदानी इलाकों पर देखने को मिलेगा और वहां तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

IMD ने कहा है कि 22, 23, 27 और 28 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिस्तान और सटे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की संभावना है। IMD के मुताबिक 22 और 28 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में 3 से 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन