IMD Rain Alert: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से मिलने वाली है राहत, UP समेत इन राज्यों में होगी बारिश
IMD Rain Alert, Weather Update 25 April: उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले तीन दिनों तक हीटवेव चलेगी, लेकिन उसके बाद यूपी, पंजाब, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

IMD Rain Alert, Weather Update 25 April: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। यूपी, दिल्ली, पंजाब, बिहार समेत तमाम राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कहीं अधिक हो गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान तो 45 डिग्री को पार कर गया। अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद से राहत मिलने वाली है और यूपी समेत कई राज्यों में बारिश होगी। यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के लिए आने वाले दिनों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इस हफ्ते के दौरान उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर पूर्वी भारत में गरज, चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ काफी बारिश का अलर्ट है। इस हफ्ते के दौरान उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर पूर्वी भारत के कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। अगले एक हफ्ते के दौरान पूर्वी भारत, 28 अप्रैल से एक मई के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत, 27-29 अप्रैल के दौरान मध्य भारत, 28-30 अप्रैल के दौरान दक्षिण भारत में भी गरज, चमक के साथ बारिश होगी।
प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो देश के ज्यादातर हिस्सों में, हिमालयी इलाकों को छोड़कर और पूर्वी भारत व पश्चिमी भारत को छोड़कर बाकी जगह अधिकतम तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच में दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उत्तर भारत के इन राज्यों में होगी बरसात
उत्तर भारत के मौसम की बात करें तो 25-28 अप्रैल के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश व बर्फबारी होगी। 28-30 अप्रैल के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश होने वाली है। इसके अलावा, मैदानी इलाकों की बात करें तो 27-30 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28-30 अप्रैल और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में 27-29 अप्रैल के दौरान बारिश, गरज और तेज हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
असम-मेघालय में 70 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
पूर्वोत्तर भारत के लिए मौसम विभाग ने कहा ''अरुणाचल प्रदेश में 25-28 अप्रैल, असम, मेघालय में 27 अप्रैल से एक मई, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 25-29 अप्रैल, गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। यह बारिश काफी बड़े व्यापक इलाके तक हो सकती है। असम और मेघालय में 25 व 26 अप्रैल को गरज के साथ तेज हवाएं जिनकी स्पीड 60 किलोमीटर तक होगी और झोंकों की 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलेगी। इसके अलावा, असम, मेघालय में 27 अप्रैल से एक मई के दौरान बहुत भारी बारिश होगी। मध्य भारत के मध्य प्रदेश में 27-29 अप्रैल, छत्तीसगढ़ में 25-29 अप्रैल, विदर्भ में 28 व 29 अप्रैल, गरज चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन