कल का मौसम, 25 अप्रैल: बढ़ती गर्मी के बीच होगी बरिश, आंधी की आशंका; IMD का इन राज्यों में अलर्ट
राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी लू का प्रकोप जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 40-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि कल यानी 25 अप्रैल को देश के विभिन्न राज्यों में मौसम मिलजुला रहने वाला है। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होगी। साथ ही गरज-चमक और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक व 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं रहेंगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में शनिवार को लू की स्थिति बनी रहेगी व रातें गर्म रहेंगी।
राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी लू का प्रकोप जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 40-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर-पूर्वी भारत में मौसम काफी सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 अप्रैल को व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली चमकने और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी है। इन राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। सिक्किम और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग से बिखरी बारिश, गरज-चमक (50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं) की आशंका है, जिससे कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड और बिहार में भी शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश व गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। इन राज्यों में पेड़ों की शाखाएं टूटने, फसलों को नुकसान और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की चेतावनी जारी की गई है। मध्य और पश्चिम भारत में 25 अप्रैल को मुख्य रूप से लू का कहर रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। गुजरात में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में गर्म व नम मौसम बना रहेगा।
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 25 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व गरज-चमक संभव है। इन क्षेत्रों में लू की स्थिति 24 से 27 अप्रैल तक बनी रहने की चेतावनी है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक व तेज हवाएं चलने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। केरल में 24 से 26 अप्रैल तक गर्म व नम मौसम बना रहेगा। IMD ने सभी राज्यों के लोगों से अपील की है कि गरज-चमक वाले मौसम में घर के अंदर रहें, बिजली के उपकरणों को अनप्लग करें और खेतों में काम करते समय सावधानी बरतें।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन