Heatwave grips Himachal as mercury crosses 41 degrees, weather change starting Saturday हिमाचल प्रदेश में गर्मी का कहर, पारा 41 डिग्री पार; शनिवार से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की चेतावनी, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश में गर्मी का कहर, पारा 41 डिग्री पार; शनिवार से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की चेतावनी

विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की हिदायत दी गई है।

Fri, 24 April 2026 07:29 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, शिमला, हिमाचल प्रदेश
share
हिमाचल प्रदेश में गर्मी का कहर, पारा 41 डिग्री पार; शनिवार से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और अप्रैल के आखिर हफ्ते में ही बढ़े हुए तापमान ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश इतनी तेज हो गई है कि दिन में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है। हालांकि अच्छी खबर यह है कि मौसम विभाग ने शनिवार से राज्य के मौसम में बदलाव आने का अनुमान लगाया है और इस दौरान कई हिस्सों में गरज के साथ आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी ऊना में दर्ज की गई, जहां तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और यह सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा रहा। इसके अलावा कांगड़ा में 37.1 डिग्री, सुंदरनगर में 36.3 डिग्री, मंडी में 36.2 डिग्री, बरठीं में 35.7 डिग्री, नाहन में 35.1 डिग्री, भुंतर में 34.5 डिग्री और सोलन में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ी और पर्यटन स्थलों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। शिमला में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और मनाली में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कल्पा में 24.5 डिग्री और ताबो में 21.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पूरे प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।

धूप से बचने छतरी और टोपी लगा रहे लोग

गर्मी के इस बढ़ते असर का असर आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। शिमला जैसे हिल स्टेशन में भी लोग धूप से बचने के लिए छाते और टोपी का सहारा लेते नजर आ रहे हैं, जबकि निचले इलाकों में दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है। तेज गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और बिजली व पानी की मांग भी बढ़ने लगी है।

शनिवार से बदलेगा मौसम का मिजाज

हालांकि मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। 25 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश या हल्की बर्फबारी भी संभव है।

बीच में दो दिन फिर पड़ेगी गर्मी, शुष्क रहेगा मौसम

इसके बाद 26 और 27 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। 28 अप्रैल से फिर मौसम करवट लेगा और कई इलाकों में दोबारा आंधी-तूफान और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। 29 और 30 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है, जिसमें कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

25 से 28 अप्रैल के बीच लोगों को रहना होगा सावधान

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जैसे जिलों में 25 और 28 अप्रैल के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, जहां तेज हवाओं और बिजली गिरने से नुकसान का खतरा रह सकता है। वहीं ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे जिलों में ज्यादातर दिनों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की हिदायत दी गई है।

रिपोर्ट: यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।