Monsoon 2026 Dates Kerala Good News IMD Rain Alert Weather Forecast Amid Heatwave in Delhi UP North India Monsoon 2026: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, इस बार जल्दी आएगा मॉनसून, Weather Hindi News - Hindustan
More

Monsoon 2026: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, इस बार जल्दी आएगा मॉनसून

Monsoon 2026: उत्तर भारत में जारी भीषण गर्मी के बीच एक खुशखबरी आई है। इस बार मॉनसून जल्दी दस्तक दे सकता है। सबसे पहले अंडमान और निकोबार द्वीप में यह मॉनसून 18-25 मई के बीच कभी भी आ सकता है। केरल में भी मॉनसून 25 मई के आसपास दस्तक दे सकता है।

Fri, 24 April 2026 06:30 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
Monsoon 2026: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, इस बार जल्दी आएगा मॉनसून

Monsoon 2026: यूपी, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को लू के थपेड़े सहने पड़ रहे हैं। दिन के समय कड़ी धूप होने की वजह से घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में लोग तापमान कम होने का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, दक्षिण पश्चिम मॉनसून को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस साल मॉनसून अपने तय समय से पहले दस्तक देने वाला है। यानी कि आमतौर पर अन्य साल की तुलना में इस बार मॉनसून की बारिश पहले ही हो जाएगी।

यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) के नए डेटा के अनुसार, मई के आखिर तक मॉनसून के दक्षिण भारत पहुंचने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि मॉनसून भारत में सबसे पहले केरल में दस्तक देता है और इसके बाद वह अन्य राज्यों की तरफ ऊपर की ओर बढ़ता है। सबसे पहले अंडमान और निकोबार द्वीप में यह मॉनसून 18-25 मई के बीच कभी भी दस्तक दे सकता है। केरल में भी मॉनसून 25 मई के आसपास दस्तक दे सकता है।

मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि इस बार जल्दी मॉनसून के आने के पीछे की वजह अल नीनो है। दरअसल, अल नीनों की स्थितियां बनने की संभावना बहुत कम हैं। पॉजिटिव इंडियन ओशन डाइपोल से भी बारिश के जल्दी होने और मॉनसून के पहले दस्तक देने की संभावना है। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में मौसम विभाग ने कहा था कि इस साल भारत में मॉनसून सामान्य से कम रहने की संभावना है, जो तीन साल में पहली बार होगा। मौसम विभाग ने कहा कि 2026 के दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मौसम (जून से सितंबर) में पूरे देश में बारिश सामान्य से कम रहने की सबसे ज्यादा संभावना है (लंबे समय के औसत (LPA) का 95-90 प्रतिशत)। बता दें कि उत्तरी, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने और ज्यादा गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है।

दिल्ली के अब तक के सबसे गर्म दिन

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार का दिन बेहद गर्म रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। शहर के मुख्य केंद्र सफदरजंग में इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था। तापमान में यह बढ़ोतरी सभी केंद्रों पर महसूस की गई। इनमें 'रिज' सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। इस बीच, पालम में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से तीन डिग्री अधिक), लोधी रोड पर 41.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री ) और आयानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.3 डिग्री ज़्यादा) तापमान दर्ज किया गया। ये आंकड़े पूरे शहर में दिन के तापमान में हुई व्यापक बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, कई जगह लू की चेतावनी

वहीं, राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर ने शुक्रवार सुबह बताया कि बीते चौबीस घंटे में राज्य में कुछ जगहों पर हीटवेव के साथ ही मौसम शुष्क रहा। राज्य के अधिकतर भागों में इस समय अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री है जो इस मौसम के औसत तापमान के आसपास है। इसके अनुसार, राज्य के कुछ भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में और 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने तथा आगामी 2-3 दिन पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं लू (हीटवेव) चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।