भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी गुड न्यूज; दर्जन भर राज्यों में भारी बारिश के आसार, मॉनसून ने भी पकड़ी रफ्तार
IMD ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से भारत की तरफ बढ़ रहा है और उसके आगे बढ़ने के लिए मौसमी दशाएं अनुकूल बनी हुई हैं। फिलहाल मॉनसून अपने तय समय से करीब एक हफ्ते आगे चल रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार (19 मई) की सुबह गर्म मौसम रहा और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। इस भीषण गर्मी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में लू की स्थिति के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है और कहा है कि शहर के कुछ इलाकों में पारा 44 डिग्री पार हो सकता है। IMD के अनुसार, 'येलो' अलर्ट का मतलब है "सतर्क रहें।" मौसम विभाग के मुताबिक, शहर के कुछ इलाकों में दिन में ऊष्ण लहर जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के लिए जारी पूर्वानुमान में IMD ने कहा है कि 19 से 22 मई के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी (30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार) चल सकती है। वहीं, राजस्थान और हरियाणा में लू (Heat Wave) का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई गई है। IMD के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में 19 से 23 मई तक और हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में 19 से 21 मई तक लू चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान के सूरतगढ़ में देश का अधिकतम तापमान 46.6°C दर्ज किया गया।
IMD ने गुड न्यूज भी दी है
मौसम पूर्वानुमान पर अपने ताजा बुलेटिन में IMD ने गुड न्यूज भी दी है। IMD ने कहा है कि मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अपने नियत समय से करीब एक सप्ताह पहले ही देश के दक्षिणी हिस्से की तरफ बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज 19 मई 2025 को दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और मध्य व उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है और यह अगले 2-3 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों के शेष हिस्सों में छा सकता है। IMD के मुताबिक मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।
इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि 19 से 25 मई के दौरान कर्नाटक, कोंकण, गोवा और केरल सहित पश्चिमी तट और उससे सटे प्रायद्वीपीय भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासकर कर्नाटक में 20 और 21 मई को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD ने कोंकण क्षेत्र में भी 21 मई को अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 19 और 20 मई को भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले 4 दिनों तक गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मछुआरे और आम जनता के लिए सलाह
मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम और 35 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, यातायात में व्यवधान और कच्चे घरों को नुकसान पहुँचने की आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
कहा-कहां भारी बारिश की चेतावनी
कर्नाटक: यहाँ 20 और 21 मई को अत्यधिक भारी बारिश (Extremely heavy falls) होने की आशंका है। पूरे राज्य में 19 से 25 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
केरल और माहे: 19 से 25 मई के दौरान व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल: यहाँ 19 और 20 मई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना: इन क्षेत्रों में 19 और 20 मई को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायलसीमा: 19 से 21 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
लक्षद्वीप: 19 मई को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
कोंकण और गोवा: यहाँ 21 मई को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। 19 से 25 मई के दौरान क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 19-23 मई के दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मध्य महाराष्ट्र: 19 से 25 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश और 19-23 मई तक तेज हवाएं (50-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।
मराठवाड़ा: यहाँ 19 से 21 मई तक भारी बारिश और थंडरस्क्वॉल (50-60 किमी/घंटा) आने की चेतावनी दी गई है।
गुजरात: 22 से 24 मई के दौरान छिटपुट बारिश की संभावना है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन