20 April ka Mausam kaisa rahega up me garmi aaj ka tapman barish hogi weather updates नया पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश, UP में लू के आसार; तपन के लिए हो जाएं तैयार, Weather Hindi News - Hindustan
More

नया पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश, UP में लू के आसार; तपन के लिए हो जाएं तैयार

IMD ने कहा है कि आने वाले सप्ताह में राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में दिन के समय लू चलने की प्रबल संभावना है।

Mon, 20 April 2026 06:33 AMNisarg Dixit भाषा
share
नया पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश, UP में लू के आसार; तपन के लिए हो जाएं तैयार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के उत्तरी राज्यों के कई स्थानों पर रविवार को दिन के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। जबकि IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की चेतावनी जारी की है। दिल्ली में मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

बारिश का अनुमान

शिमला मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर में तापमान में गिरावट देखी गई, ऊंचे इलाकों में ताजा हिमपात हुआ और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है, जिससे राहत मिलेगी। शिमला मौसम विभाग ने कहा कि 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है और सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को मध्य और ऊंची पहाड़ियों में बारिश होने का अनुमान है।

लू की शुरुआत के संकेत मिले

IMD के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 3.3 डिग्री अधिक 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें कहा गया है कि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 0.1 डिग्री कम 21.7 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराईच, शाहजहांपुर और हरदोई सहित शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जो लू की स्थिति की शुरुआत का संकेत देता है।

प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद वाराणसी में 44.2 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सुल्तानपुर, बाराबंकी और बहराइच सहित कई अन्य जिलों में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, महाराष्ट्र के आंतरिक भाग में निचले क्षोभमंडल में चलने वाली शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है। उत्तराखंड के पास के तराई क्षेत्र को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

रविवार को ओडिशा के बड़े हिस्से में लू की स्थिति बनी रही, जिसमें झारसुगुडा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के शाम के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कम से कम 14 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऊपर बर्फबारी, नीचे तपिश! हिमाचल के मौसम ने चौंकाया, जानें 25 अप्रैल तक का हाल

यूपी का मौसम कैसा रहेगा (UP Weather)

IMD ने कहा है कि आने वाले सप्ताह में राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में दिन के समय लू चलने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर 'रात में गर्मी' की स्थिति रहने के अनुमान के साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर दोपहर के चरम समय के दौरान, क्योंकि कुछ इलाकों में लू की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में भी कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिसमें रोहतक सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कल का मौसम: बढ़ती गर्मी के बीच होगी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं; कहां-कहां अलर्ट

हरियाणा में कैसा रहा मौसम

रोहतक में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। पड़ोसी राज्य पंजाब में भी इसी तरह सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया। राज्य में सबसे गर्म स्थान बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी पड़ी, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में कोटा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश अन्य स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Aaj ka Mausam: कहीं गर्मी करेगी परेशान, तो कहीं बारिश देगी ठंडक, जानिए पूरा हाल

जम्मू-कश्मीर में कई प्रमुख सड़कें बंद

अधिकारियों ने बताया कि बीच जम्मू कश्मीर में बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के तुलैल क्षेत्र में, गांदरबल जिले के सोनमर्ग क्षेत्र में जोजिला दर्रे के दोनों ओर और शोपियां जिले को पुंछ-राजौरी क्षेत्र से जोड़ने वाली मुगल रोड पर हिमपात की सूचना मिली है।

घाटी के मैदानी इलाकों में दिन के शुरुआती घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि हिमपात और बारिश के कारण दिन का तापमान कुछ डिग्री कम हो गया है। हिमपात के कारण मुगल रोड, श्रीनगर-कारगिल रोड और बांदीपोरा-गुरेज रोड सहित कई प्रमुख सड़कें बंद कर दी गई हैं।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।