
इंदौर हाई कोर्ट में धार भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद विवाद मामले की सुनवाई पूरी हो गई है। एएसआई की 98 दिन की सर्वे रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और हिंदू, मुस्लिम व जैन पक्ष की दलीलों पर लंबी बहस के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब सभी की नजर अदालत के निर्णय पर टिकी है।

12 मई, मंगलवार: मंदसौर जिले के चंदवासा गेहूं खरीदी केंद्र पर संविदा प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा का चड्डी-बनियान में काम करते वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। किसानों ने प्रबंधक पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे।

12 मई, मंगलवार: डिंडोरी के शहपुरा स्थित रानी दुर्गावती स्टेडियम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। भव्य समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे समेत कई जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद और उपहार दिए।

12 मई, मंगलवार: जबलपुर के बरगी बांध क्रूज हादसे पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे प्रदेश में क्रूज और बोट क्लबों के संचालन पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने न्यायिक जांच समिति को तीन महीने में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भी जांच होगी।

12 मई, मंगलवार: श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता KGP12 के चार शावक मृत पाए गए हैं। करीब एक महीने के इन शावकों के शव मांद के पास मिले, जिनके आंशिक रूप से खाए जाने के निशान भी मिले हैं। वन विभाग ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मादा चीता फिलहाल सुरक्षित है।

12 मई, मंगलवार: श्योपुर जिले के चितारा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों को लेकर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान निर्माणाधीन मकानों में तोड़फोड़ और लाठी-डंडों से मारपीट हुई। बरगवां थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

12 मई, मंगलवार: सिंगरौली के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित निगाही मोड़ पर सड़क किनारे खड़ा महुआ का विशाल पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बाइक सवार अरुण शाह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

12 मई, मंगलवार: मंदसौर के पीजी कॉलेज प्राचार्य पर दिव्यांग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से मारपीट का आरोप लगाते हुए NSUI कार्यकर्ताओं ने वायडी नगर थाने पर जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक विपिन जैन भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

12 मई, मंगलवार: बैतूल के भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। लोगों ने इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए ड्यूटी डॉक्टर के साथ मारपीट की और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब 5 घंटे बाद मामला शांत हुआ।

12 मई, मंगलवार: शाजापुर की सलसलाई पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले पारदी गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 27 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और दो बाइक बरामद की हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

12 मई, मंगलवार: डिंडोरी कोतवाली पुलिस ने ग्राम धनुआसागर में कार्रवाई करते हुए स्कूटी से 35 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त शराब और स्कूटी की कुल कीमत करीब 1.19 लाख रुपये बताई जा रही है।

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि “बाबा का बुलावा आता है, तभी कोई यहां आ पाता है।” मंदिर में उनके आगमन को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला।

शिवपुरी के करसेना गांव में अवैध उत्खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। वनकर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाए जाने और मोबाइल छीनने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि बाद में वनकर्मियों पर ही FIR दर्ज हो गई, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

ग्वालियर में टीकमगढ़ निवासी कालू सेन की हत्या का LIVE VIDEO सामने आया है। वीडियो में आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पुरानी रंजिश में हुए हमले के बाद युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बाकी की तलाश शुरू कर दी है।

जबलपुर के न्यू शोभापुर इलाके में स्कूटी सवार 3 बदमाशों ने एक घर के बाहर लगातार बम फोड़े। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बदमाशों ने बम फोड़ने के बाद कार पर पत्थरबाजी भी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

डिंडौरी के शहपुरा नगर में बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे एक शिक्षक का पैसों से भरा बैग होटल से चोरी हो गया। पानी पीने के दौरान चोर बैग उठाकर बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना होटल के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

उज्जैन के फ्रीगंज रोड स्थित देसाई नगर में नाली निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। संतुलन बिगड़ने से महिला खुले सरिये पर गिर गई, जो शरीर के आर-पार घुस गया। महापौर मुकेश टटवाल ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

डिंडोरी के रामगुड़ा गांव में जल जीवन मिशन के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि महीने में सिर्फ 1-2 दिन पानी सप्लाई होता है, जबकि पूरा शुल्क लिया जाता है। कई घरों में नलों से केवल हवा निकल रही है और दूषित पानी से लोग बीमार पड़ रहे हैं।

देवास में शादी के नाम पर ठगी करने वाले “लुटेरी दुल्हन गैंग” का पुलिस ने खुलासा किया है। अमन नामक युवक की शादी करवाकर गैंग ने परिवार से 2 लाख रुपये लिए और अगले ही दिन दुल्हन फरार हो गई। शिकायत के बाद नाहरदरवाजा पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उज्जैन में किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट के जिलाबदर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेराव का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। विधायक महेश परमार समेत कई नेता मौके पर मौजूद रहे।