
19 मई, मंगलवार: गया पुलिस ने औरंगाबाद से लापता 4 वर्षीय बालक को डेल्हा क्षेत्र से बरामद कर लिया है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस बच्चे से जुड़े पूरे घटनाक्रम और महिला की भूमिका की जांच कर रही है। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

19 मई, मंगलवार: सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में एक युवक प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। 3 घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश और शादी कराने के आश्वासन पर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। घटना ने लोगों को फिल्म ‘शोले’ की याद दिला दी।

19 मई, मंगलवार: भोजपुर के आरा शहर के दक्षिण इलाके में तेतरिया मोड़ के पास भीषण जाम लग गया। जर्जर सड़क पर बालू लदे ट्रकों के खराब होने से लंबी वाहनों की कतार लग गई। तपती गर्मी में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोज लगने वाले जाम के बावजूद प्रशासन समस्या से बेखबर है।

19 मई, मंगलवार: गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र स्थित सिंघवा जंगल में सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान 5 किलोग्राम का आईईडी बरामद हुआ। डी/215 सीआरपीएफ बटालियन नागोबार के जवानों ने अभियान चलाया था। बाद में बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को सुरक्षित तरीके से ब्लास्ट कर निष्क्रिय कर दिया।

19 मई, मंगलवार: गया जिले के बोधगया में मठ की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हाल ही में बोधगया दौरे पर पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी ने कहा था कि मठों की जमीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा और इसकी शुरुआत बोधगया से होगी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है।

19 मई, मंगलवार: भागलपुर के ममलखा में सहयोग शिविर के दौरान कटाव पीड़ित ग्रामीणों ने नाथनगर विधायक मिथुन यादव को घेर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद MLA क्षेत्र में नहीं आए। लोगों ने विधायक से कटाव प्रभावित इलाके का दौरा करने की मांग की और उनकी गाड़ी के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

19 मई, मंगलवार: भागलपुर में आयोजित सहयोग शिविर में प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि 30 दिनों तक बिना वजह आवेदन लंबित रखने वाले अधिकारियों पर मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

19 मई, मंगलवार: बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर में सोने गए एक बुजुर्ग का शव मंगलवार सुबह आम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

19 मई, मंगलवार: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमराही बाजार में एनएच-27 पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से 29 वर्षीय राकेश पाण्डेय की मौके पर मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

19 मई, मंगलवार: छपरा के सोनपुर में सहयोग पोर्टल लॉन्च करते हुए बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 30 दिन में शिकायत का निपटारा नहीं होने पर 31वें दिन संबंधित अफसर को निलंबित कर दिया जाएगा।

18 मई, सोमवार: भभुआ शहर में 8 माह की गर्भवती दलित महिला ने महिला थाना की सब इंस्पेक्टर पर मारपीट और धक्का देने का आरोप लगाया है। महिला ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं महिला दारोगा ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सरकारी कार्य में बाधा और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया।

18 मई, सोमवार: सासाराम जिले के डेहरी में एक स्वर्ण व्यवसायी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील के विरोध में अनोखा तरीका अपनाया। पाली रोड स्थित श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक सच्चिदानंद प्रसाद ने अपनी ज्वेलरी दुकान के बाहर चाय और पकौड़े का स्टॉल शुरू कर दिया।

18 मई, सोमवार: गोपालगंज के मतेया खास गांव में सोमवार को लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सरोवर से जल भरकर धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

18 मई, सोमवार: वैशाली जिले के पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव में पुलिस ने गैस की कालाबाजारी का खुलासा किया है। एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर हुई छापेमारी में एक घर से 15 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 6 भरे और 9 खाली थे।

18 मई, सोमवार: सासाराम नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक मेयर काजल कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के 11 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने के लिए पुस्तकें, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई।

18 मई, सोमवार: सासाराम में जनजातीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभा भवन में डीएम उदिता सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

18 मई, सोमवार: हाजीपुर के रामाशीष चौक पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में रौशन ट्रैवल्स के कंडक्टर नितेश कुमार की बस से कुचलकर मौत हो गई। नितेश लालगंज के इतवारपुर सिसौला के निवासी थे और पिछले 20 वर्षों से ट्रैवल्स में काम कर रहे थे। हादसे के बाद चालक उमेश राय मौके से फरार हो गया।

18 मई, सोमवार: जमुई के खैरा प्रखंड स्थित डुमरकोला गांव में 65 वर्षीय महादलित बुजुर्ग चपर मांझी ने गांव की विधवा महिला आशा देवी से मंदिर में शादी रचा ली। दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। बुजुर्ग की यह चौथी शादी बताई जा रही है। गांव में इस शादी की खूब चर्चा हो रही है।

18 मई, सोमवार: भभुआ, कुदरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में नाली के पानी निकासी विवाद में युवक की हत्या मामले में कोर्ट ने दो सगे भाइयों को उम्रकैद की सजा सुनाई। एडीजे-3 विनय प्रकाश तिवारी की अदालत ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। 2020 में पेट में गोली मारकर हत्या की गई थी।

18 मई, सोमवार: नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में फल दुकान के गल्ले से नकदी चुराने की कोशिश कर रहे युवक को दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी पहले भी चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।