उत्तराखंड में तपिश से मुश्किलें; 2 दिन बाद बदलेगा मौसम, कहां-कहां होगी बारिश?
उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। देहरादून का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि 24 अप्रैल से मौसम बदलने की उम्मीद है। पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

Uttarakhand Weather Forecast: उत्तराखंड में मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। देहरादून में भी चिलचिलाती धूप और बढ़ती तपिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें तो 2 दिन बाद यानी 24 अप्रैल से सूबे में मौसम एकबार फिर करवट लेगा। इससे पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
24 अप्रैल से करवट लेगा मौसम, इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 अप्रैल को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने 24 अप्रैल को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी देखी जा सकती है। उत्तराखंड के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
25 अप्रैल को इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 25 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर बर्फबारी देखी जा सकती है।
26 और 27 अप्रैल को भी हल्की बारिश
26 और 27 अप्रैल को पहाड़ी जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश जबकि 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली जगहों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
28 अप्रैल को इन जिलों में बारिश की चेतावनी
28 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के बाकी पहाड़ी जिलों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश देखी जा सकती है।
मैदानी इलाकों में शुष्क रहेगा मौसम, तापमान में नहीं आएगा बदलाव
28 अप्रैल को उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन