उत्तराखंड में आज से बदल रहा मौसम, अगले 6 दिन तेज हवाओं के साथ बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
Uttarakhand Weather: मौसम विभाग की चेतावनी है कि आज पांच पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चमोली में बारिश के आसार हैं। 1 मई तक मौसम यूं ही बना रहेगा।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मैदानी इलाकों में जहां भीषण गर्मी लोगों को झुलसा रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है। आज पांच पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चमोली में बारिश के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
देहरादून में भी बदलेगा मौसम
राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम का हाल
शनिवार को दून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरिद्वार में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। पंतनगर में भी तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पहाड़ी इलाकों में उखीमठ और थल में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे वहां तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
28 अप्रैल से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 28 अप्रैल से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। कुमाऊं क्षेत्र के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अन्य पहाड़ी जिलों में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा, जबकि मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
29 और 30 अप्रैल को ज्यादा असर
29 और 30 अप्रैल को गढ़वाल और कुमाऊं के अधिकांश पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज से अति-तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी भी चल सकती है। मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 1 मई तक पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने 28 से 30 अप्रैल के बीच आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं से कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और तेज बारिश के चलते जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन