Uttarakhand Aaj ka Mausam Western Disturbance active Rain Snowfall from today Dehradun haridwar Nainital Weather Updates पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

Uttarakhand Aaj ka Mausam: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों के लिए ठंड दस्तक देगी। पांच जिलों में बारिश के आसार हैं।

Mon, 23 Feb 2026 08:04 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share
पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

Uttarakhand Aaj ka Mausam: उत्तराखंड में चटख धूप के बीच एक बार फिर बादलों का डेरा डलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी राज्य उत्तराखंड के पांच जनपदों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि अगले 48 घंटों में राज्य के पहाड़ी हिस्सों में तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने मुख्य रूप से 5 जिलों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम परिवर्तन की संभावना है। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, इन जनपदों में 23 फरवरी यानी आज और 24 फरवरी को कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली हादसे में जान गंवाने वाले कमल के परिजनों को नौकरी देगी रेखा सरकार
ये भी पढ़ें:टैरिफ का डर, आरक्षण और 3 बच्चों का फॉर्मूला; संघ प्रमुख भागवत की 5 बड़ी बातें
ये भी पढ़ें:शिक्षा निदेशक पिटाई कांड: भड़के कर्मचारियों का आज से कार्य बहिष्कार

देहरादून-हरिद्वार और नैनीताल में कैसा मौसम

हल्की बारिश का यह पूर्वानुमान केवल पहाड़ी जिलों तक सीमित है, जबकि हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि, पहाड़ों में होने वाले इस बदलाव का असर मैदानी इलाकों की हवाओं पर जरूर पड़ेगा। देहरादून और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में हल्की कमी आएगी।

तापमान में उतार-चढ़ाव

इस साल फरवरी के महीने में उत्तराखंड के मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पिछले एक हफ्ते से देहरादून समेत अधिकांश मैदानी इलाकों और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा था। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को समय से पहले ही गर्मी का अहसास होने लगा था। मौसम विभाग का कहना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ के आने से बढ़ते पारे पर फिलहाल 'ब्रेक' लगेगा। बारिश के इन दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन एक बार फिर लौट सकती है।

25 फरवरी से फिर बढ़ेगा तापमान

डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 24 फरवरी के बाद यह विक्षोभ कमजोर पड़कर आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद 25 फरवरी से एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा और चटख धूप खिलेगी। फरवरी के आखिरी सप्ताह में गर्मी की तपिश और बढ़ने के आसार हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।