चारधाम यात्रा के पहले दिन महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत, यमुनोत्री मार्ग पर दुखद हादसे
चारधाम यात्रा के पहले दिन यमुनोत्री पैदल मार्ग पर दो दुखद हादसे हो गए। महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। महिला घोड़े से गिरी, जबकि महाराष्ट्र के बुजुर्ग की सांस लेने में दिक्कत के कारण मौत हुई।

19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा और यमुना के दर्शनों के लिए पहुंचे। पहले दिन यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है। जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री पैदल मार्ग पर चढ़ाई के दौरान महाराष्ट्र के एक बुजुर्ग की सांस न ले पाने के कारण मौत हो गई। जबकि एक महिला यात्री ने घोड़े से गिरने के बाद दम तोड़ा।
यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए महाराष्ट्र के एक श्रद्धालु की रविवार को पैदल मार्ग पर चढ़ाई के दौरान मौत हो गई। उनकी पहचान उदय गजानन तांबे (65) निवासी नासिक, महाराष्ट्र के रूप में हुई। जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर के मुताबिक प्रथमदृष्टया मौत सांस संबंधी बीमारी के कारण हुई है। डॉक्टर के अनुसार, करीब पौने चार बजे एक नेपाली मूल का मजदूर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया था। डॉक्टरों ने शव पुलिस को सौंप दिया गया।
घोड़े से गिरकर महिला यात्री की मौत
चारधाम यात्रा मार्ग पर मौत की दूसरी घटना घोड़े से गिरकर हुई। पुलिस अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 40 वर्षीय प्रतिमा मिश्रा '19 कैंची' के पास घोड़े से गिर गई। उनके सिर पर गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरिद्वार में पंजीकरण काउंटर पर महिला बेहोश
हरिद्वार। ऋषिकुल मैदान स्थित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र पर महिला यात्री पंजीकरण करवाते हुए बेहोश होकर गिर गई। उज्जैन निवासी दुर्गाबाई (70) के गिरते ही उनके साथ आए लोग और अधिकारी घबरा गए। डॉ. विनय सिंह ने बताया कि बीपी कम होने से महिला को चक्कर आ गया, जिन्हें ओआरएस पिलाकर अस्पताल भिजवा दिया गया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने कहा कि यात्रा में जाने से पूर्व अपना स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं।
सुरक्षित यात्रा के लिए बेहतर तैयारियां
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए सभी समुचित और बेहतर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए बेहतर तैयारियां की गई हैं। यहां चारधाम यात्रा पर आने वाले हर तीर्थ यात्रियों के भीतर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी कामना है कि यह यात्रा सभी के लिए मंगलमय हो और भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे।
धामी ने गंगोत्री के दर्शन किए
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंगोत्री धाम के कपाट उदघाटन के अवसर पर गंगोत्री पहुंचे। जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा अर्चना की और अखंड ज्योति के दर्शन किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए अत्यंत शुभ दिन है, अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अलग ही जोश है। हमने सभी यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित और बेहतर तैयारियां की है, ताकि सभी की यात्रा सुखद, सरल और सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुचारू, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखना हम सभी का सामूहिक प्रयास है।
तीर्थयात्रियों से की मुलाकात
रविवार को गंगोत्री धाम पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम परिसर में मौजूद तीर्थ यात्रियों का अभिवादन स्वीकारा। इस दौरान उन्होंने तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। वहीं दर्शन को लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को चुनरी भी भेंट की। वहीं सभी आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन