पाकिस्तान को हराने की खुशी सबसे ज्यादा; अफगान क्रिकेटर आफताब आलम ने टीम इंडिया पर क्या कहा
इन दिनों कई खेल सितारे लीजेंड्स लीग क्रिकेट खेलने उत्तराखंड पहुंचे हैं। हिन्दुस्तान से खास बातचीत में अफगान क्रिकेटर आफताब आलम ने खुलासा किया कि पाकिस्तान को हराना उन्हें सबसे ज्यादा खुशी देता है।

इन दिनों उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2026 चल रहा है। करीब 10 साल बाद इस स्टेडियम में क्रिकेट का ऐसा मुकाबला हुआ जिसमें स्टार खिलाड़ी शामिल हुए। इस दौरान दर्शकों में जबरस्त उत्साह नजर आया। टूर्नामेंट में पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत से लेकर अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज आफताब आलम भी पहुंचे हैं। आलम ने 'हिन्दुस्तान' संग खास बातचीत भी की।
लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 में रॉयल राइडर्स पंजाब का प्रतिनिधित्व कर रहे अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज आफताब आलम ने कहा कि युवा क्रिकेटरों को कॅरियर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने के साथ धैर्य जरूर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को हराने की खुशी सबसे ज्यादा होती है। उन्होंने टीम इंडिया पर भी बात की।
'हिन्दुस्तान' से खास बातचीच
बुधवार को नैनीताल रोड स्थित कोल्ट्स क्रिकेट अकादमी में अभ्यास के दौरान ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में उन्होंने कहा, भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस सही समय पर सही कदम उठाने व मेहनत करने की जरूरत है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की तारीफ करते हुए कहा कि टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। आगे भी बेहतर करेगी। कहा, अफगानिस्तान के लोगों को सबसे ज्यादा खुशी पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीतने पर होती है। पाक की टीम को हराकर हम सबसे ज्यादा खुश होते हैं।
भारतीय टीम सबसे पसंदीदा
अफगानिस्तान टीम के बाद भारतीय टीम उनकी सबसे पसंदीदा है। विराट कोहली न सिर्फ उनके फेवरेट क्रिकेटर हैं, बल्कि अच्छे दोस्त भी। आफताब आलम रॉयल राइडर्स पंजाब की ओर से इस लीग में खेल रहे हैं। उनका मुकाबला गुरुवार को होना है। लीजेंड्स लीग क्रिकेट में पंजाब टीम की ओर से खेल रहे क्रिकेटर सरूल कंवर ने युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा दी। कहा, क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि ग्लैमर, कॅरियर का बेहतरीन मिश्रण है।
हल्द्वानी में क्रिकेट का फीवर, झूमे दर्शक
देश-दुनिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का खूब उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों ने भी गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
2016 में हुआ लोकार्पण
18 दिसंबर 2016 को इस स्टेडियम का लोकार्पण हुआ था। इसके बाद 11 मार्च 2026 को पहला क्रिकेट मैच खेला गया। पहले दिन स्टेडियम में दर्शकों की संख्या भले कम रही, लेकिन दिग्गज क्रिकेटरों को लेकर उनका जुनून देखने लायक था। बाद में कुछ लोगों को बिना टिकट के भी मैदान में आने दिया गया।
श्रीसंत ने सिर्फ एक ओवर फेंका
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत पूरे जोश के साथ मैदान में उतरे। लेकिन उन्होंने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की। उन्होंने बल्लेबाजी में जब छक्का लगाया तो दर्शक झूम उठे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन