Silver City Complex Suyash Aggarwal Files Case Calling Wife Assault Video Fake Probe Finds It True He Becomes Accused पत्नी से मारपीट के वीडियो को झूठा बता कराया मुकदमा, जांच में निकला सच; कारोबारी पर ही केस, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

पत्नी से मारपीट के वीडियो को झूठा बता कराया मुकदमा, जांच में निकला सच; कारोबारी पर ही केस

देहरादून में सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के मालिक और अरबपति कारोबारी सुयश अग्रवाल अपनी ही कराई शिकायत मामले में खुद फंस गए। पत्नी से मारपीट के वीडियो को फेक बताकर उन्होंने पुलिस कंप्लेन की थी। अब जांच में वह वीडियो सच निकला।

Mon, 9 March 2026 07:51 AMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share
पत्नी से मारपीट के वीडियो को झूठा बता कराया मुकदमा, जांच में निकला सच; कारोबारी पर ही केस

देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर दर्ज कराया गया मुकदमा अब शिकायतकर्ता अरबपति कारोबारी के लिए ही मुश्किल बन गया है। सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के मालिक सुयश अग्रवाल ने जिस वीडियो को अपनी छवि धूमिल करने की साजिश बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, पुलिस जांच में वही वीडियो सही पाया गया। जांच के बाद पुलिस ने अब उसी मुकदमे में सुयश अग्रवाल को ही आरोपी बना लिया है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड निवासी कारोबारी सुयश अग्रवाल ने 28 जनवरी को देहरादून स्थित साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिससे उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सुयश ने अपनी शिकायत में आशंका जताई थी कि किसी ने जानबूझकर यह वीडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किसी और संग अफेयर के शक में MCA छात्र ने पार की हदें, प्रेमिका को मारा चाकू
ये भी पढ़ें:देहरादून-हरिद्वार को जल्द मिलेंगी 137 इलेक्ट्रिक बसें, बजट मंजूर
ये भी पढ़ें:हरिद्वार हाईवे पर मौत का तांडव; टक्कर के बाद 5 गाड़ियों में आग; महिला जिंदा जली

सुयश अग्रवाल ने पुलिस को यह भी बताया था कि उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी 18 जनवरी को उनके मित्र अंकुर अग्रवाल और परिचित मुकुल शर्मा के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीर मानते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया और वीडियो की सत्यता की जांच की मांग की।

जांच में सही निकला वीडियो

हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला अलग ही दिशा में जाता नजर आया। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिख रही घटना वास्तविक है और इसमें सुयश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में उनकी पत्नी ने भी खुद पुलिस को जानकारी दी और घटना की पुष्टि की।

इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को साइबर अपराध थाने से राजपुर थाने स्थानांतरित कर दिया, ताकि घरेलू हिंसा से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा सके। राजपुर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की।

कारोबारी पर ही केस

राजपुर थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर शनिवार को राजपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस मुकदमे को पहले वायरल वीडियो के जरिए छवि धूमिल करने की शिकायत के रूप में दर्ज कराया गया था, अब उसी मामले में सुयश अग्रवाल को ही आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।