23 लाख युवाओं के सपनों के गुनहगारों पर लगे एनएसए: सुशील गाबा
रुद्रपुर में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर एनटीए पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से 23 लाख छात्रों के सपनों पर संकट आया है। गाबा ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ एनएसए के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए और मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में हो।

रुद्रपुर, संवाददाता। रुद्रपुर में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष सुशील गाबा ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के चलते 23 लाख युवाओं के सपनों पर कहर टूटा है। गाबा ने एनटीए की शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत मुकदमा दर्ज करने और मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में कराने की मांग की। रुद्रपुर में पत्रकार वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 23 लाख छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की, लेकिन पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होने से उनके सपने टूट गए। गाबा ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के पीछे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की टॉप लीडरशिप की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों, बड़े कारोबारियों, रसूखदारों और अफसरों के बच्चों को मेडिकल कॉलेजों में अवैध प्रवेश दिलाने के लिए यह षड़यंत्र रचा गया। उन्होंने मांग की कि एनटीए को तत्काल भंग किया जाए और पेपर लीक मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए। यहां जगदीश तनेजा, हैप्पी रंधावा, सचिन मुंजाल, मोनू निषाद, जावेद अख्तर और करन कुमार आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन