Elderly Man beating While offering namaz in rudrapur Forced to Chant Religious Slogans Video Goes Viral उत्तराखंड में नमाज पढ़ रहे बुजुर्ग को लात-घूसों से पीटा, जबरन धार्मिक नारे लगवाए; वीडियो वायरल, Rudrapur Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड में नमाज पढ़ रहे बुजुर्ग को लात-घूसों से पीटा, जबरन धार्मिक नारे लगवाए; वीडियो वायरल

उत्तराखंड के रुद्रपुर में नमाज पढ़ रहे बुजुर्ग को एक व्यक्ति ने यह कहते हुए लात-घूसों से पीटा कि वह उसकी जमीन पर यह कर रहा है। आरोपी ने न सिर्फ पीटा, बल्कि जबरन धार्मिक नारे भी लगवाए।

Wed, 25 Feb 2026 10:55 AMGaurav Kala रुद्रपुर
share
उत्तराखंड में नमाज पढ़ रहे बुजुर्ग को लात-घूसों से पीटा, जबरन धार्मिक नारे लगवाए; वीडियो वायरल

उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। एक खुले मैदान में अकेले इबादत कर रहे एक बुजुर्ग के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर जबरन धार्मिक नारे लगवाने की कोशिश का भी गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, 'हिन्दुस्तान' इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

घटना रुद्रपुर के एक धार्मिक परिसर के पास स्थित मेला स्थल की बताई जा रही है। सिडकुल चौकी पुलिस को दी गई तहरीर में रेशमबाड़ी निवासी पीड़ित शाहिद ने बताया कि वह मैदान में शांतिपूर्ण तरीके से इबादत (नमाज) कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी उकसावे के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में हाई कोर्ट के बाद सुशील तिवारी अस्पताल को उड़ाने की धमकी, हड़कंप
ये भी पढ़ें:देहरादून में शिक्षा निदेशक पिटाई कांड, हेलीकॉप्टर से धरने में पहुंचीं महिला अफसर
ये भी पढ़ें:पार्टी, टॉर्चर और 65 KM दूर लाश दफन; दिगंबर हत्याकांड में दोस्त बने थे 'जल्लाद'

मारपीट के बाद धार्मिक नारे भी लगवाए

शाहिद का आरोप है कि उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया और बुजुर्ग होने के बावजूद उनके साथ गाली-गलौज की गई। तहरीर में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान एक युवक वीडियो बनाता रहा और उन पर जबरन विशेष धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद इलाके के लोगों और जनप्रतिनिधियों में भारी रोष है। मंगलवार को यूथ कांग्रेस से जुड़ी सोफिया नाज और पार्षद परवेज कुरैशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पीड़ित बुजुर्ग के साथ सिडकुल चौकी पहुँचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मांग की है कि अगर ऐसे तत्वों पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में उनके हौसले और बुलंद होंगे। चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पुलिस ने पड़ताल में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने संज्ञान लिया है। एसएसपी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा: "पीड़ित पक्ष ने मारपीट की तहरीर दी है, वहीं आरोपी पक्ष का तर्क है कि वह उनकी निजी भूमि है और वे वहां नमाज पढ़ने का पूर्व में भी विरोध कर चुके हैं। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और वायरल वीडियो की पड़ताल कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी या वीडियो को साझा कर सांप्रदायिक सौहार्द न बिगाड़ें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।