देहरादून में शिक्षा निदेशक पिटाई कांड, हेलीकॉप्टर से धरने में पहुंचीं महिला अफसर
देहरादून में बेसिक शिक्षा निदेशक पिटाई कांड में कर्मचारियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्मचारी भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इस बीच हेलीकॉप्टर से महिला अफसर धरना देने पहुंचीं।

देहरादून में बेसिक शिक्षा निदेशक पर हमले के बाद शुरू हुए आंदोलन में शामिल होने के लिए एक महिला अफसर को हेलीकॉप्टर से दून आना पड़ा। बागेश्वर के गरुड़ में तैनात शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता के पास शिक्षा अधिकारी एसोसिएशन की जिम्मेदारी भी है। संगठन की मांग पर उन्हें अचानक देहरादून आना पड़ा।
देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित निदेशालय में हुए बवाल के बाद रविवार को संयुक्त मोर्चे की बैठक में शिक्षा अधिकारी (प्रशासनिक संवर्ग) एसोसिएशन को तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। तमाम शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने अफसरों की एसोसिएशन पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि हमले के बाद उनकी एसोसिएशन ने कोई प्रतिक्रिया तक नहीं दी और न ही संगठन ने अपनी भूमिका स्पष्ट की। इसके बाद अफसर एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गई। एसोसिएशन की कार्यकारी अध्यक्ष होने के कारण कमलेश्वरी मेहता को इस बैठक में आने के लिए हेली सेवा का प्रयोग करना पड़ा।
दो दिन से आंदोलनरत कर्मचारी
पिछले दो दिन से वे अपनी एसोसिएशन के साथ लगातार आंदोलन में हैं। इसे लेकर कमलेश्वरी मेहता कहती हैं कि समय कम था और दूरी काफी ज्यादा थी। पहुंचना भी जरूरी था, ऐसी स्थिति में उन्होंने हेली सेवा से देहरादून पहुंचीं। इस आंदोलन में दूसरे पर्वतीय जिलों के दूरस्थ विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी भी पहुंचे हैं, जो फिलहाल देहरादून में ही रुके हुए हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के कई सेवानिवृत्त अफसर भी लगातार आंदोलन में पहुंच रहे हैं।
12 बजे तक धरने में पहुंचेंगे
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बुधवार को जिले के प्राइमरी शिक्षक 12 बजे तक धरना में पहुंच जाएंगे। मध्याह्न भोजन योजना के संचालन के लिए सिर्फ एक शिक्षक ही स्कूल में रुकेगा।
कर्मचारियों ने पुलिस की जांच पर उठाए सवाल
कर्मचारियों एक ओर कमलेश्वरी मेहता का उदाहरण देते हुए आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया, वहीं पुलिस की जांच पर सवाल उठाए। कर्मचारियों ने कहा कि जिस कार्यालय कक्ष में पूरी घटना हुई, अभी तक पुलिस जांच टीम ने उसका निरीक्षण तक नहीं किया है। न ही सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन