मंगलौर में लुटेरों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग को कार से उड़ाया, मौके पर मौत
मंगलौर में बदमाशों ने पहले कार बुक की और रास्ते में ड्राइवर से कार लूट ली। इस बीच कुछ दूर आगे जाने पर उनकी कार से 65 वर्षीय बुजुर्ग की टक्कर हो गई। बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मंगलौर में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां टैक्सी कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने तेज रफ्तार में स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात तीन अज्ञात बदमाशों ने हरियाणा जाने के बहाने रुड़की से एक टैक्सी कार बुक की थी। कार चालक रोहित यात्रियों को लेकर निकला और मंगलौर की ओर बढ़ रहा था। जब कार मंगलौर गुड़मंडी के पास पहुंची तो बदमाशों ने चालक से गाड़ी रुकवाने को कहा। जैसे ही रोहित ने कार रोकी, तीनों बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन कार से बाहर धक्का दे दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
लिब्बरहेड़ी के पास बुजुर्ग को उड़ाया
कार लूटने के बाद बदमाश तेज रफ्तार से मुजफ्फरनगर की ओर भागने लगे। इसी दौरान रास्ते में लिब्बरहेड़ी के पास सामने से आ रहे स्कूटी सवार 65 वर्षीय अनिल त्यागी उनकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक अनिल त्यागी ग्राम कुआंहेड़ी के निवासी थे और किसी काम से स्कूटी से जा रहे थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
दुर्घटना के बाद बदमाश घबरा गए और लूटी हुई कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क हो गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन