केदारनाथ के कपाट खुलते ही PM मोदी ने तीर्थयात्रियों से किन 5 संकल्पों का आग्रह किया? जानिए
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर पीएम नरेंद्र मोदी तीर्थयात्रियों को शुभकामना संदेश भेजा। साथ ही तीर्थयात्रियों से पांच संकल्पों को करने का आग्रह किया। कपाट खुलने के दौरान धाम में श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

आज चारधामों में प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ के कपाट खुल गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं के बीच बड़ी संख्या में मौजूद थे। धाम के कपाट खुलने के वक्त हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर पहली पूजा की। मंदिर के पुजारियों ने बताया कि विश्व कल्याण और शांति के लिए यह पूजा की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मौके पर शुभकामना संदेश दिए। उन्होंने तीर्थयात्रियों से पांच संकल्पों का पालन करने का आग्रह किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर तीर्थयात्रियों को शुभकमनाएं दी। साथ ही कहा कि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना का एक भव्य उत्सव है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों से पांच संकल्पों का पालन करने का आग्रह भी किया है। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर से उत्तराखंड की ब्रांडिंग करते हुए यात्रियों से अपनी यात्रा खर्च का पांच प्रतिशत स्थानीय उत्पादों को खरीदने में खर्च करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है।
पीएम मोदी के पांच संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि यह पावन यात्रा भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना का एक भव्य उत्सव है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने बदरीनाथ और केदारनाथ की यात्राओं से भारतीय संस्कृति को एक नई दिशा दी थी। जगद्गुरु रामानुजाचार्य और जगद्गुरु माध्वाचार्य ने भी अपने धर्मविचारों को समृद्ध करने के लिए बद्रीनाथ की यात्रा की थी। हिमालय की गोद में विराजमान ये चारों धाम हमारी शाश्वत आस्था और विश्वास के दिव्य केंद्र हैं। हर वर्ष विविध भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों के लोग यहां पहुंचते हुए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के भाव को और अधिक सशक्त करते हैं। इस वर्ष की यात्रा भी इसी परंपरा का विस्तार है। उन्होंने क्रिएटर्स, इंफ्लूएंसर्स से भी उत्तराखंड की स्थानीय कहानियों और यहां की छोटी-छोटी परंपराओं को भी जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
स्वच्छता सर्वोपरि
पीएम मोदी ने आग्रह किया कि धाम और उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखें। नदियों को साफ रखने के लिए अपना योगदान दें। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त यात्रा का संकल्प लें और इस पावन धरा की गरिमा को बनाए रखें।
प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता
पीएम ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि हिमालय की इस दिव्य धरा के प्रति संवेदनशील रहें। प्रकृति के संतुलन को बनाए रखते हुए, एक पेड़ मां के नाम' जैसे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
सेवा, सहयोग और एकता पर बल
तीर्थयात्री अपनी यात्रा के प्रत्येक दिन, लोगों की सेवा का एक काम अवश्य करें। देश की विभिन्न स्थानों से आए यात्रियों की परंपराओं का सहभागी बनकर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को सशक्त करें।
वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा
अपने मूल स्थान से चलकर घर लौटने तक अपने कुल खर्च का पांच प्रतिशत हिस्सा लोकल उत्पादों को खरीदने पर जरूर खर्च करें। अगर किसी स्थानीय चीज की जरूरत इस मौसम में नहीं भी है, तो भी उसे भविष्य के इस्तेमाल के भाव से ही खरीदने का प्रयास करें।
अनुशासन, सुरक्षा और मर्यादा का पालन
यात्रा के नियमों और यातायात निर्देशों का पालन करें। एक जिम्मेदार और सजग नागरिक के रूप में प्रयास करें कि उनकी यात्रा से इस यात्रा के आयोजन और प्रबंधन में जितने भी लोग लगे हुए हैं, उन्हें कोई असुविधा ना हो। यात्रा के दौरान डिजिटल उपवास रखें, प्रकृति का सुंदरता को जिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उत्तराखंड में विकास का जो महायज्ञ चल रहा है, उसने चारधाम यात्रा को पहले से अधिक सुगम, सुरक्षित और दिव्य बनाया है। जिससे श्रद्धालुओं, संतजनों और पर्यटकों को सुविधा हो रही है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड आने वाले अतिथियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी यात्रा के दौरान डिजिटल उपवास रखते हुए, उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को जीने का प्रयास भी करें। इससे उन्हें एक अलग संतुष्टि भी मिलेगी।
सीएम धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश के लिए आभार जताते हुए कहा कि चारधाम यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन