1/10छह महीने से इंतजार कर रहे बाबा केदार के भक्तों के लिए 22 अप्रैल सुबह आठ बजे शुभ घड़ी आई जब उन्हें अपने आराध्य के दर्शन हुए। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं को खोल दिए गए हैं। पहले दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद मंदिर में पहली पूजा पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर की गई, यह पूजा विश्व कल्याण के लिए की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बाबा केदार के दर्शन किए।

बदरी-केदार मंदिर समिति ने हर यात्री को बेहतर दर्शन के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। साथ ही मंदिर में वीडियो, रील और अनावश्यक व्यवधान पैदा करने वाले लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पहली बार धाम में यात्रियों के लिए 24 घंटे गर्म पानी उपलब्ध रहेगा।

केदारनाथ मंदिर में इस बार यात्रियों को कई नई सुविधाएं मिलेंगी। दर्शन के लिए लाइन में लगने के लिए सुंदर आस्था पथ मिलेगा। जहां यात्रियों के लिए पूरी सुविधाएं हैं। यहां लाइन में खड़े होकर उन्हें बारिश में नहीं भीगना पड़ेगा। वहीं मंदिर के आगे इस बार शूकाउंटर और मोबाइल लॉकर भी मिलेगा। वर्षों बाद बीकेटीसी और प्रशासन यात्रियों को यह सुविधा दे रहा है।

कपाट खुलने के मौके पर अपार उत्साह से भरे श्रद्धालु 'बम-बम भोले' और 'जय बाबा केदार' के जयकारे लगा रहे थे। इस मौके पर भगवान शिव के धाम को विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया है। मंदिर समिति के सहयोग से ऋषिकेश की पुष्प सेवा समिति ने मंदिर को 15 कुंतल फूलों से भव्य ढंग से सजाया है।

तीर्थयात्रियों को पहले ही दिन लिंचौली से केदारनाथ तक बर्फ का दीदार करने का अवसर मिला। काफी जगहों पर बर्फ मौजूद है। कई जगहों पर 4 फीट बर्फ है जबकि कुछ स्थानों पर काफी कम बर्फ है। हालांकि बर्फ के बीच मुश्किलें भी होंगी किंतु उन यात्रियों के लिए यह विशेष अवसर होगा जब उन्हें बाबा केदार के दर्शनों के साथ बर्फ का दीदार करने का मौका भी मिलेगा।

इससे पहले 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए थे। उत्तराखंड के चार धामों में शामिल बदरीनाथ धाम के कपाट बृहस्पतिवार को खुलेंगे और इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा की पूरी तरीके से विधिवत शुरूआत हो जाएगी।

चारधाम यात्रा के मद्देनजर चमोली पुलिस की ओर से धाम में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है। सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम सुबह ही दल-बल के साथ पहुंच गए थे। उन्होंने धाम में बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रियों से मुलाकात की। उनसे व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया और खुद भी धाम में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए अब तक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यमुनोत्री के लिए 350859, गंगोत्री के लिए 361243, केदारनाथ के लिए 722966 और बदरीनाथ के लिए 609339 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पर्यटन विभाग के मंगलवार तक के रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों के अनुसार हेमकुंड साहिब के लिए 21 हजार 867 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
