नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, फूंका पुतला
नैनीताल में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा को पारदर्शी तरीके से दोबारा कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि अनियमितताओं ने छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नैनीताल, संवाददाता। नीट में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मल्लीताल स्थित पंत पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला दहन किया और परीक्षा को पारदर्शी तरीके से दोबारा कराने की मांग की।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष शार्दुल नेगी ने कहा कि नीट में सामने आई अनियमितताओं ने देशभर के लाखों प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ गंभीर अन्याय है। विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक कुमार और नगर अध्यक्ष आयुष आर्या ने संयुक्त रूप से कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से मेधावी छात्रों का मनोबल टूट रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन देशव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन करने वालों में अधिवक्ता अनुपम कबड़वाल, सभासद अंकित चंद्रा, धीरज बिष्ट, बंटू आर्य, पीके शर्मा, संजय कुमार संजू, अभिषेक कुमार, रोशन धामी, कमलेश, दिनेश चंद्र और आयुष आर्या आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन