नाखून उखाड़े, पैरों में कीलें ठोंकीं; सवर्ण लड़की के प्यार में जान गंवाने वाले दलित लड़के से हैवानियत
Tehri Dalit Youth Death: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में दलित लड़के की मौत के मामले में पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता ने हत्या के एक दिन बाद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया, कैसे ऊंची जाति की लड़की के परिवार वालों ने उनके बेटे को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। पिता ने गुहार भी लगाई है।

Tehri Dalit Youth Death: “उसके हाथ-पैर के नाखूनों को प्लायर से खींचा गया। उसके पैरों में कील ठोंक दी गई। प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आईं...” एक पिता ने अपने बेटे को बुरी तरह टॉर्चर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दलित लड़के की हत्या से जुड़ा है। पिता ने हत्या के एक दिन बाद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया, कैसे ऊंची जाति की लड़की के परिवार वालों ने उनके बेटे को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। पिता ने गुहार लगाते हुए कहा- “मैं गरीब आदमी हूं। मेरे पास सालों तक कोर्ट के चक्कर लगाने के लिए पैसे नहीं हैं। मुझे यहीं न्याय चाहिए। तभी मैं अपने बेटे का शव ले जाऊंगा।”
लड़की ने फोन करके मेरे बेटे को बुलाया था
न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक, लड़का और लड़की करीब छह महीने से रिलेशनशिप में थे। रविवार रात को, पीड़ित को लड़की का फोन आया और उसने उसे प्रतापगढ़ ब्लॉक के खोलगढ़ में अपने गांव आने के लिए कहा। जब पीड़ित अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा, तो लड़की के घरवालों ने दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उनके साथ मार-पीट हुई। मृतक के परिवार ने अब टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए हैं।
नाखून खींचे, पैरों में कीलें ठोंकी लिंग में चोटें…
- पीड़ित के शरीर पर गहरी चोट के निशान हैं। उसकी पीठ, छाती और हाथ-पैरों पर जख्म हैं।
- लड़के के हाथ-पैर के नाखूनों को प्लायर से खींचा गया है।
- उसके पैरों में कीलें ठोंकी गईं।
- उसके प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें आईं।
- पीड़ित और उसके दोस्त दोनों पर लाठियों से हमला किया गया।
पुलिस पर हमलावरों को गिरफ्तार न करने का आरोप
आपको बताते चलें कि इस मौत से टिहरी-गढ़वाल में बहुत हंगामा हुआ है। पीड़ित के परिवार और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन लोगों ने पुलिस पर हमलावरों को गिरफ्तार न करने का आरोप भी लगाया है। पिता ने यह भी कहा कि हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर है और अस्पताल में जमा हुए सभी लोगों ने इसे देखा है। लेकिन, फिर भी पुलिस को एक्शन नहीं ले रही है।
पिता ने शव लेने से किया इंकार, बोले- यहीं न्याय चाहिए
परिवार ने शव लेने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक सभी हमलावर गिरफ्तार नहीं हो जाते। धनपाल लाल ने कहा, "जब तक सभी दोषियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता, मैं यहां से शव नहीं ले जाऊंगा। इसके लिए चाहे चार दिन लगें या दस दिन। मैं एक गरीब आदमी हूं। मेरे पास सालों तक कोर्ट के चक्कर लगाने के लिए पैसे नहीं हैं। मुझे यहीं न्याय चाहिए। तभी मैं अपने बेटे का शव ले जाऊंगा।"
दलित लड़का ऊंची जाति की लड़की से रिलेशनशिप में था
इस घटनाक्रम में मृतक की उम्र 18 साल थी। वह अनुसूचित जाति का था। वह एक ऊंची जाति के परिवार की नाबालिग बेटी के साथ रिलेशनशिप में था। टिहरी की सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस श्वेता चौबे ने कहा- इस मामले में अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, क्राइम सीन से सबूत इकट्ठा किए गए हैं। आगे की जांच चल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन