Midnight Encounter in Dehradun One Criminal Shot Dead Inspector Injured by Bullet देहरादून में आधी रात धांय-धांय; पुलिस ने एक बदमाश मौके पर ढेर किया, इंस्पेक्टर को भी गोली लगी, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

देहरादून में आधी रात धांय-धांय; पुलिस ने एक बदमाश मौके पर ढेर किया, इंस्पेक्टर को भी गोली लगी

देहरादून में आधी रात पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश मौके पर ढेर हो गया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर को भी गोली लग गई। बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर उससे लाखों की नगदी लूट कर भाग रहे थे।

Thu, 30 April 2026 09:09 AMGaurav Kala अंकित चौधरी, देहरादून, हिन्दुस्तान
share
देहरादून में आधी रात धांय-धांय; पुलिस ने एक बदमाश मौके पर ढेर किया, इंस्पेक्टर को भी गोली लगी

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा इलाके में कार सवार तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर मोबाइल और दो लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे सड़क पर हुई घटना में प्रॉपर्टी डीलर घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पौंधा में ही बदमाशों को घेर लिया। पुलिस से मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया। प्रेमनगर इंस्पेक्टर नरेश राठौर के हाथ में भी दो गोली लगी हैं। वहीं, दो बदमाश फरार होने में कामयाब रहे।

प्रॉपर्टी डीलर से लूट और गोली मारने की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके में सघन नाकेबंदी की। बदमाशों की कार को पुलिस टीम ने रास्ते में ही घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को कई गोली लगीं और वह वहीं गिर पड़ा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देहरादून नगर निगम बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला: सफाई कर्मियों का मानदेय 800 रुपये प्रतिदिन हुआ

इंस्पेक्टर को भी गोली लगी

मुठभेड़ में प्रेमनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेश राठौर भी हाथ में दो गोली लगने से घायल हो गए। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दो बदमाश फरार हो गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं।

घायल प्रॉपर्टी डीलर और इंस्पेक्टर अस्पताल में भर्ती

बदमाशों की गोली से घायल हुए प्रॉपर्टी डीलर देवराज और इंस्पेक्टर नरेश राठौर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत कई थाना क्षेत्रों की फोर्स भी तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसएसपी ने बताया कि मामले में लूट और पुलिस मुठभेड़ के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज होंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में भी ड्राइविंग लाइसेंस अब घर बैठे बनाएं, आधार बेस्ड वेरिफिकेशन

गोलियों की गूंज से दहशत में आए लोग

प्रेमनगर थाना क्षेत्र का पौंधा इलाका बुधवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां बदमाशों से पुलिस की बेहद करीबी मुठभेड़ हुई। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार सूचना मिली थी कि पौंधा रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर उससे नगदी, चेन और मोबाइल लूट लिया गया है। सूचना मिलते ही पूरे शहर में हाईअलर्ट कर दिया गया और सभी थाना प्रभारियों को चेकिंग के निर्देश दिए। वायरलेस सेट पर गूंजते संदेशों के बीच एसएचओ प्रेमनगर नरेश राठौर अपनी टीम के साथ इलाके में मुस्तैद हो गए। इसी दौरान पुलिस को एक काले रंग की संदिग्ध कार आती दिखी, जिस पर गुजरात राज्य की नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस टीम ने जब इस सदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, तो उसमें सवार तीन बदमाशों ने खुद को चारों तरफ से घिरता देख पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलाबारी में एसएचओ प्रेमनगर को दो गोलियां लग गईं। इंस्पेक्टर के घायल होने के बावजूद पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की।

बदमाश के आर-पार हुई तीन गोलियां

पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ इतने करीब से हुई कि जवाबी फायरिंग में मारे गए बदमाश के सीने के पास तीन गोलियां आर-पार निकल गईं। अस्पताल ले जाने पर चिकत्सिकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए बदमाश की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। बदमाश की खबर लिखे जाने तक शिनाख्त के प्रयास किया जा रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिल्डर दीपक के नेपाल भागने की आशंका, पत्नी को भारत लाने UAE जाएगी दून पुलिस

फरार बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगाईं

एसएसपी ने बताया कि गोलीबारी और रात के घुप अंधेरे का फायदा उठाकर कार में सवार दो अन्य बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जंगलों और आसपास के इलाकों में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। एसएसपी ने दावा किया कि जल्द ही दोनों फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

2009 के बाद पहली घटना

पुलिस एनकाउंटर में तीन जुलाई 2009 के बाद यह पहली घटना हुई है। उस दौरान रणवीर एनकाउंटर हुआ था। जिसके फर्जी साबित होने पर पुलिस पर सवाल उठे थे। 2009 के बाद दून पुलिस की बुधवार रात यह बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें किसी बदमाश की पुलिस की गोलीबारी में जान गई।

घायल एसएचओ हायर सेंटर रेफर

लूट के शिकार पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर और घायल एसएचओ प्रेमनगर, दोनों को ही प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बदमाशों की इस्तेमाल की गई गुजरात नंबर की ब्लैक कार के साथ-साथ घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल कर साक्ष्य जुटा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।