भगोड़े बिल्डर दीपक के नेपाल भागने की आशंका, पत्नी को भारत लाने UAE जाएगी देहरादून पुलिस
Dehradun Pushpanjali Case: देहरादून पुलिस को आशंका है कि दीपक नेपाल गया और फिर वहां से किसी और देश भाग गया। वहीं, उसकी पत्नी को भारत लाने के लिए देहरादून पुलिस यूएई जाएगी।

Dehradun Pushpanjali Case फ्लैट बेचने के नाम पर नौकरशाहों, सफेदपोशों और आम लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने वाले पुष्पांजलि इंफ्राटेक के मालिक दीपक मित्तल की पत्नी राखी को दून लाने के लिए पुलिस टीम यूएई जाएगी। राखी के हत्थे चढ़ने के बाद अब मास्टरमाइंड दीपक मित्तल के भी जल्द गिरफ्त में आने की संभावना बढ़ गई है।
दीपक मित्तल ने शुरुआत में दो शानदार प्रोजेक्ट बनाकर बाजार में अपनी साख बनाई थी। इसके बाद उसने ‘आर्चिड पार्क’ और ‘एमीनेंट हाइट्स’ जैसे नए प्रोजेक्ट लॉन्च किए और बंपर बुकिंग ली। यहीं से उसने अपने शातिर दिमाग का खेल शुरू किया।
45 करोड़ की ठगी का आरोप
उसने एक ही फ्लैट नंबर पर कई-कई लोगों से बुकिंग ली और कंपनी के खातों में आई करोड़ों की रकम को घुमाकर अपने निजी खातों में डाल लिया। उस पर 90 फ्लैट खरीदारों के 45 करोड़ डकारने का आरोप है। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने अपनी संपत्तियां पहले ही बेच दीं या पिता अश्विनी के नाम कर दीं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में राखी मित्तल को पकड़ने वाली यूएई की एजेंसी ने सुपुर्दगी देने से पहले काफी दस्तावेज मांगे हैं। यह दस्तावेज राज्य की नोडल एजेंसी सीबीसीआईडी के जरिए विदेश मंत्रालय को भिजवाए जा रहे हैं। वहां से यह यूएई जाएंगे।
2022 में दीपक गैंगस्टर लगते ही हुआ था फरार
दीपक मित्तल की शातिर हरकतों ने पुलिस को भी हैरत में डाला है। वर्ष 2020 में फरार होने के बाद 2022 में वह हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे लेकर भारत लौटा। जांच में सहयोग की शर्त पर उसका पासपोर्ट भी जमा कर लिया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर उसने पासपोर्ट वापस पा लिया। जैसे ही 22 नवंबर 2022 को दून पुलिस ने उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया वह रातोंरात गायब हो गया।
दीपक के नेपाल से भागने की आशंका
आशंका है कि वह नेपाल गया और वहां से पासपोर्ट का इस्तेमाल कर किसी अन्य देश में पहुंच गया। देवपुरा योग आश्रम होटल हिमगिरी हरिद्वार निवासी दीपक मित्तल और राखी मित्तल मामले में पूर्व में गिरफ्तार हो चुके राजपाल वालिया के साथ पुष्पांजलि कंपनी में पार्टनर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन