महावीर जयंती पर देहरादून में आज शोभायात्रा, इन इलाकों पर ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट
Dehradun Traffic Advisory: महावीर जयंती पर आज देहरादून में शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कारण देहरादून शहर में कुछ रूट्स पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

Dehradun Traffic Advisory: देहरादून शहर में सोमवार को महावीर जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का समय सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक तय है। इस दौरान कई इलाकों में ट्रैफिक रूट डायवर्ट रहेंगे। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि यात्रा पंचायती मंदिर जैन धर्मशाला से आढ़त बजार से शुरू होगी।
यह होगा डायवर्जन प्लान
● शोभायात्रा के जैन धर्मशाला से निकलने पर प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक जाने वाला ट्रैफिक त्यागी रोड होते हुए भेजा जाएगा।
● शोभायात्रा के आढ़त बाजार पहुंचने पर प्रिंस चौक से कोई भी ट्रैफिक सहारनपुर चौक की ओर नहीं जाएगा। प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक जाने वाले ट्रैफिक को हरिद्वार रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
● शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पर पहुंचने पर पटेलनगर, कांवली रोड से आने वाले ट्रैफिक को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
● शोभायात्रा के राजा रोड से प्रिंस चौक की ओर पहुंचने पर प्रिंस चौक से तहसील जाने वाले यातायात को चंदन नगर कट से दून चौक की ओर भेजा जाएगा।
● शोभायात्रा के प्रिंस चौक से पंचायती मंदिर की ओर पहुंचने पर प्रिंस चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले ट्रैफिक को त्यागी रोड होते हुए सहारनपुर रोड की ओर भेजा जाएगा।
मसूरी में उमड़े सैलानी, पांच किलोमीटर लंबा जाम
वीकेंड पर रविवार को मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटकों के उमड़ने से जगह-जगह जाम लगा। मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर चार से पांच किमी लंबा जाम लग जाने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा।
वहीं, लक्ष्मणपुरी और सुवाखोली में भी चार से पांच किमी लंबा जाम लगा। लंढौर छावनी क्षेत्र में गुरुद्वारा चौक से मलिंगार तक सड़क जाम रही। शहीद भगत सिंह चौक पर भी लोगों को दिन में कई बार जाम से जूझना पड़ा। गांधी चौक, लाइब्रेरी किंक्रेग रोड और मोती लाल नेहरू मार्ग सहित अन्य मार्गों पर भी यही हाल रहा। जाम के कारण पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिलता। पुलिस प्रशासन जाम से निपटने में कामयाब नहीं हो पा रहा है। तमाम दावों के बावजूद हर वीकेंड पर जाम लग जाता है।
घंटों जाम से परेशान सैलानी
जाम के समाधान के लिए दीर्घकालिक योजना की जरूरत है। बार-बार लग रहे जाम से मसूरी के पर्यटन पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। स्थानीय निवासी भरत सिंह पवार ने बताया कि वह सुवाखोली में करीब तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। वहां करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा। उन्होंने कहा कि समस्या का हल न किया गया तो आने वाले पर्यटन सीजन आरंभ होने पर जाम से स्थिति और भी खराब हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन