इस वर्ष के अंत तक छह वेंडिंग जोन बनाकर दिये जाएंगे ठेला, फड़ कारोबारियों को :बाली
काशीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर एक लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया। मेयर दीपक बाली ने वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना का ऐलान किया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत वेंडरों को ऋण और अन्य लाभ प्रदान किए गए। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
काशीपुर, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को आयोजित लोक कल्याण मेले में रेहड़ी, पटरी और फेरी व्यवसायियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई। इस दौरान मेयर दीपक बाली ने कहा कि वर्ष के अंत तक शहर में छह वेंडिंग जोन तैयार कर ठेला और फड़ कारोबारियों को आवंटित कर दिए जाएंगे। बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित लोक कल्याण मेले का शुभारंभ मेयर दीपक बाली ने किया। स्ट्रीट वेंडर्स कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष भारत परासर और उपाध्यक्ष मनोज शर्मा के नेतृत्व में उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मेयर बाली ने कहा कि उनका उद्देश्य रेहड़ी, ठेला और फेरी लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जब तक वेंडरों के लिए स्थायी स्थान निर्धारित नहीं कर दिए जाते, तब तक उन्हें कहीं से नहीं हटाया जाएगा और न ही किसी प्रकार से परेशान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन ऐसे स्थानों पर विकसित किए जाएंगे, जहां कारोबारियों की आय में भी वृद्धि हो सके। कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण की जानकारी दी गई और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। चार लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड और सम्मान पत्र प्रदान किए गए, जबकि करीब 35 लोगों के ऋण स्वीकृत किए गए। मेले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। यहां सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, पार्षद अनिल कुमार, सीमा सागर, वैशाली गुप्ता, बीना नेगी, सादिक हुसैन, घनश्याम, सतीश शर्मा, शाह आलम, कुलदीप शर्मा, अशोक सैनी, शिवांश गोले, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन