प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 साल पूरे होने पर हुआ हवन पूजन
काशीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों का जश्न मनाया गया। बुधवार को हवन-पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। भाजपा नेताओं ने अरदास की और विकास, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण की चर्चा की। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मोदी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताया और जनहितकारी योजनाओं के लाभ की बात की।
काशीपुर, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 साल पूरे होने पर बुधवार को हवन-पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही गुरुद्वारे में अरदास कर सफल नेतृत्व, राष्ट्र की निरंतर उन्नति एवं समृद्धि की कामना की गई। बुधवार को बाजपुर रोड़ स्थित गुरुद्वारे में भाजपाईयों ने अरदास की। वहीं मां बाल सुंदरी मंदिर पहुंचकर हवन पूजन कर प्रसाद वितरित किया। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा ने भारत को विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के नए आयाम प्रदान किए हैं।
अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया गया है, जिससे करोड़ों देशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। मेयर दीपक बाली ने कहा कि पूजा अर्चना कर ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना की गई। यहां कार्यक्रम संयोजक गुरविंदर सिंह चंडोक, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला महामंत्री अमित सिंह, सुशील शर्मा, पीसीयू चेयरमैन राम मल्होत्रा, पूर्व मेयर ऊषा चौधरी, रजत सिद्धू, राजीव ठुकराल, सृष्टि बंसल, अर्जुन सिंह, मानवेंद्र मानस, दिलप्रीत सेठी आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन